भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

सामान्य तस्वीरों से बना रहे अश्लील कंटेंट: AI से आदिवासी बेटियों की...



सोशल मीडिया पर अपलोड की गई सामान्य तस्वीरों को एआई से अश्लील बनाकर वायरल करने के मामले बढ़ रहे हैं। रांची में पिछले एक सप्ताह के दौरान आठ लड़कियों ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। इनमें आदिवासी समाज की नाबालिग बच्चियां और युवतियां भी शामिल हैं।

.

  • लड़कियों की मांग, सोशल मीडिया से हटाएं तस्वीर
  • कई लड़कियों ने बदनामी के डर से स्कूल-कॉलेज जाना छोड़ा

आरोप है कि उनकी सामान्य तस्वीरों को एआई की मदद से आपत्तिजनक बनाया गया और इंस्टाग्राम- फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर प्रसारित किया गया। तस्वीरें फर्जी होने के बावजूद पीड़िताओं को सामाजिक बदनामी और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है। कई लड़कियों ने स्कूल-कॉलेज जाना भी छोड़ दिया है।

पीड़िताओं की शिकायत है कि इन तस्वीरों के वायरल होने से परिवार और समाज में उनकी बदनामी हो रही है। घर में तनाव का माहौल है और उनके लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सभी की मांग है कि सोशल मीडिया से आपत्तिजनक तस्वीरें तत्काल हटाई जाएं और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाए।

कमड़े, रातू और चान्हो इलाके की लड़कियों ने की शिकायत

चान्हो थाना क्षेत्र की दो लड़कियों ने 22 नवंबर और रातू थाना क्षेत्र की तीन लड़कियों ने 24 नवंबर को साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पीड़िताओं के अनुसार, 20 नवंबर को उन्हें जानकारी मिली कि इंस्टाग्राम और फेसबुक पर उनके नाम से जुड़े अकाउंट के माध्यम से उनकी निजी तस्वीरें अपलोड की गई हैं। इन तस्वीरों को एआई की मदद से एडिट कर अश्लील बनाया गया है। पीड़िताओं ने अलग-अलग आवेदन देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और आपत्तिजनक तस्वीरों को हटाने की मांग की है।

परिवार में तनाव, मानसिक दबाव में पीड़िताएं

पीड़िताओं ने आवेदन में बताया है कि तस्वीरें वायरल होने से गांव और समाज में उनकी बदनामी हो रही है। परिवार में भी तनाव और अनबन की स्थिति है। घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। नाबालिग लड़कियां भी इस प्रताड़ना की शिकार हैं। पीड़िताएं मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रही हैं। उन्होंने पुलिस से तकनीकी जांच कर आरोपियों की पहचान करने और भारतीय न्याय संहिता व सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत कार्रवाई करने की मांग की है।

भास्कर एक्सपर्ट – मुकेश चौधरी साइबर एक्सपर्ट

लड़कियां प्रोफाइल प्राइवेट रखें, जागरूकता ही बचाव का तरीका

इस तरह के साइबर अपराधों पर पूरी तरह रोक लगाना मुश्किल है, लेकिन सतर्कता से इनके जोखिम को कम किया जा सकता है। लड़कियों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्राइवेसी का ध्यान रखना चाहिए। प्रोफाइल प्राइवेट रखनी चाहिए, ताकि तस्वीरों और निजी जानकारियों का दुरुपयोग न हो। यदि कोई इस तरह की साइबर प्रताड़ना का शिकार होती है, तो डरने या चुप रहने के बजाय साक्ष्य और जरूरी विवरण के साथ तत्काल थाने या साइबर थाने में शिकायत दर्ज करानी चाहिए। पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से आपत्तिजनक तस्वीरें हटाने और फर्जी अकाउंट पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करा सकती है। जागरूकता और समय पर शिकायत ही इससे बचाव का प्रभावी तरीका है।

सीआईडी को भेजा गया है आवेदन:

लड़कियों के आवेदन ले लिए गए हैं। तस्वीरें डिलीट कराने के लिए सीआईडी को भेजा गया है। आईपीडीआर नहीं आया है। इसमें दो-तीन दिन लग सकता है। यह मामला मेटा और फेसबुक से जुड़ा है। हमारे स्तर पर सीधे कुछ करना संभव नहीं है, फिर भी जल्द से जल्द तस्वीरें हटवाने का प्रयास किया जा रहा है। -प्रदीप कुमार, साइबर डीएसपी



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top