Last Updated:
Teknos Mushroom: बारिश का मौसम आते ही झारखंड के जंगल अपनी अनमोल सौगात लोगों के लिए लेकर आते हैं. इन्हीं में से एक है ‘टेक्नोस’, जिसे कई लोग ‘क्रांच छतू’ के नाम से भी जानते हैं. यह खास तरह का जंगली मशरूम साल में सिर्फ 15 दिनों के लिए ही बाजार में दिखाई देता है. इन दिनों जमशेदपुर की सड़कों और बाजारों में इसकी बिक्री शुरू हो चुकी है. इसकी खासियत यह है कि इसका स्वाद बिल्कुल नॉनवेज, खासकर कलेजी जैसा लगता है. यही वजह है कि इसकी कीमत करीब 1200 रुपए प्रति किलो होने के बावजूद लोग इसे खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं.
टेक्नोस बनाने का तरीका भी बिल्कुल झारखंडी स्टाइल का है. सविता देवी बताती हैं कि सबसे पहले टेक्नोस को अच्छी तरह साफ कर उसकी मिट्टी निकालनी चाहिए. इसके बाद कड़ाही में तेल गर्म करके प्याज को सुनहरा होने तक भूनें. फिर अदरक-लहसुन का पेस्ट डालकर अच्छी तरह पकाएं. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च, धनिया, जीरा और गरम मसाला डालकर मसाले को अच्छी तरह भून लें.
अब इसमें टेक्नोस डालकर धीमी आंच पर पकाएं. चाहें तो थोड़ा पानी डालकर ग्रेवी भी बनाई जा सकती है. तैयार होने के बाद इसका स्वाद बिल्कुल नॉनवेज करी, खासकर कलेजी जैसा महसूस होता है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि टेक्नोस झारखंड की पारंपरिक पहचान है. यह केवल कुछ दिनों के लिए मिलता है, इसलिए इसकी मांग हमेशा बनी रहती है. कई लोग इसे अपने रिश्तेदारों के लिए भी खरीदकर ले जाते हैं. बारिश के मौसम में यह सब्जी बाजार की सबसे आकर्षक चीजों में शामिल हो जाती है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
अगर आप भी झारखंड के पारंपरिक स्वाद का अनुभव करना चाहते हैं, तो बारिश के इस छोटे से मौसम में मिलने वाले टेक्नोस को जरूर चखें. साल में सिर्फ 15 दिन मिलने वाला यह दुर्लभ मशरूम अपने अनोखे स्वाद, खुशबू और झारखंडी अंदाज की वजह से हर किसी को याद रह जाता है.