Last Updated:
Jamshedpur Gangotri-Yamunotri Gangajal: जमशेदपुर में भारतीय डाक विभाग ने सावन के लिए ₹30 में गंगोत्री-यमुनोत्री का गंगाजल उपलब्ध कराया है. यह डाकघरों और प्रमुख शिव मंदिरों में मिलेगा. इस बारे में डाक मास्टर सुधीर कुमार ने पूरी जानकारी दी.
जमशेदपुर: सावन का पवित्र महीना शुरू होते ही भगवान शिव की पूजा-अर्चना को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिल रहा है. इस बार जमशेदपुरवासियों के लिए भारतीय डाक विभाग ने एक विशेष सुविधा शुरू की है. अब श्रद्धालु गंगोत्री और यमुनोत्री से लाया गया पवित्र गंगाजल मात्र ₹30 में खरीद सकते हैं. 250 मिलीलीटर की बोतल में उपलब्ध यह गंगाजल शहर के विभिन्न डाकघरों में बिक्री के लिए रखा गया है, जिससे लोगों को आसानी से शुद्ध गंगाजल मिल सके.
प्रधान डाकघर के डाक मास्टर ने दी जानकारी
इस संबंध में जानकारी देते हुए प्रधान डाकघर के डाक मास्टर सुधीर कुमार ने बताया कि हर साल सावन के दौरान गंगाजल की मांग काफी बढ़ जाती है. इसे देखते हुए भारतीय डाक विभाग ने इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए गंगोत्री और यमुनोत्री का पवित्र गंगाजल उपलब्ध कराया है. इसकी कीमत केवल ₹30 रखी गई है. ताकि हर वर्ग के लोग आसानी से इसे खरीदकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें.
उन्होंने बताया कि इस बार सुविधा को और बेहतर बनाया गया है. केवल डाकघरों तक ही इसे सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि शहर के प्रमुख शिव मंदिरों में भी गंगाजल बिक्री केंद्र बनाए जा रहे हैं. इनमें गोल पहाड़ी शिव मंदिर, देवड़ी मंदिर और दलमा क्षेत्र के प्रसिद्ध शिव मंदिर सहित अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों को शामिल किया गया है. इससे श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में ही गंगाजल मिल जाएगा और उन्हें अलग से इसकी व्यवस्था करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
सोमवार को शिव मंदिरों में लगेगी भीड़
सावन के महीने में हजारों श्रद्धालु हर सोमवार और अन्य शुभ दिनों पर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं. ऐसे में गंगोत्री और यमुनोत्री का पवित्र गंगाजल आसानी से उपलब्ध होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी. खासकर वे श्रद्धालु जो हरिद्वार या उत्तराखंड नहीं जा सकते, उनके लिए यह पहल किसी सौगात से कम नहीं है. डाक विभाग की इस पहल का उद्देश्य लोगों तक शुद्ध और प्रमाणिक गंगाजल पहुंचाना है. श्रद्धालु अपने नजदीकी डाकघर या निर्धारित मंदिर केंद्र से मात्र ₹30 में 250 मिलीलीटर गंगाजल खरीद सकते हैं और पूरे श्रद्धा भाव के साथ भगवान शिव का जलाभिषेक कर सकते है. सावन के इस पावन अवसर पर डाक विभाग की यह पहल जमशेदपुरवासियों के लिए आस्था और सुविधा का सुंदर संगम साबित हो रही है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत, दैनिक भास्कर के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से Hindi.News18.com<…
और पढ़ें