![]()
झारखंड में आज सुबह के समय कई इलाकों में हल्के दर्जे को कुहासा छाया रहा। हालांकि, दिन चढ़ने के साथ आसमान धीरे-धीरे साफ होने लगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है। 17 नवंबर को भी सुबह कोहरा और कुहासा रहेगा। दोपहर या शाम के समय आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। वहीं, 18 नवंबर को सुबह कोहरा और कुहासा रहने के बाद दोपहर में आंशिक बादल छाने तथा शाम को गरज के साथ बारिश होने की संभावना जतायी गयी है। इस दौरान राज्य के किसी भी हिस्से के लिए 18 नवंबर तक मौसम की कोई चेतावनी जारी नहीं की गयी है। 19 से दक्षिणी हिस्सों में बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार, 19 नवंबर से राज्य के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन सामान्यतः बादल छाए रहेंगे। राज्य के दक्षिणी हिस्सों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और मेघ गर्जन की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में इसका असर देखने को मिल सकता है। इसके बाद 20 नवंबर को भी बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दिन राज्य के दक्षिणी और उससे सटे मध्य हिस्सों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 19 नवंबर को दक्षिण-पूर्वी हिस्सों और 20 नवंबर को दक्षिणी व उससे सटे मध्य झारखंड के कुछ स्थानों के लिए भारी बारिश की संभावना जतायी है। चाईबासा सबसे गर्म, गुमला में सबसे कम पारा मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़े के अनुसार बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में चाईबासा सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोडरमा में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री रहा। जमशेदपुर और डालटनगंज में 30.8 डिग्री, बोकारो में 29.1 डिग्री और रांची में 27.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान की बात करें, तो गुमला में सबसे कम 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री, जमशेदपुर का 18 डिग्री, डालटनगंज का 16.6 डिग्री, बोकारो का 16.5 डिग्री और चाईबासा का 16 डिग्री रहा। फिलहाल मौसम की चेतावनी नहीं मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर तक राज्य के किसी भी हिस्से के लिए विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गयी है। हालांकि, 19 और 20 नवंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है। ऐसे में अगले कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा और कुहासा तथा दिन में मौसम सामान्य रहने के बाद सप्ताह के अंतिम दिनों में बादल और बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
Source link