लोहरदगा|जिले में कृषि योजनाओं के क्रियान्वयन में धीमी प्रगति पर डीसी संदीप कुमार मीना ने नाराजगी जताई। अधिकारियों को कार्यशैली में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों के लिए आवंटित बीजों का वितरण हर हाल में एक सप्ताह के अंदर पूरा किया जाए। बीज वितरण में लापरवाही और कम उपलब्धि को लेकर संबंधित प्रखंड तकनीकी प्रबंधक (बीटीएम) तथा सहायक तकनीकी प्रबंधक (एटीएम) से स्पष्टीकरण भी मांगा जाएगा। शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में उपायुक्त की अध्यक्षता में कृषि तथा संबद्ध विभागों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें कृषि, पशुपालन, उद्यान तथा भूमि संरक्षण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं का लाभ वास्तविक, जरूरतमंद किसानों तक पहुंचाने पर जोर दिया। प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 में 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं बीज वितरण, आत्मनिर्भर दलहन योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत तिलहन बीज वितरण तथा बिरसा फसल विस्तार योजना के अंतर्गत गेहूं व मक्का बीज वितरण की स्थिति की जानकारी ली गई।
Source link