Last Updated:
बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है. हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही है. इसी कड़ी में पलामू जिले के हुसैनाबाद बेटी स्नेहा पाण्डेय ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) उत्तीर्ण कर अधिवक्ता बनने का गौरव हासिल किया है. इस उपलब्धि के साथ वह अब देशभर की अदालतों में वकालत करने के लिए पात्र हो गई हैं.
पलामू: बेटियां आज किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है. हर क्षेत्र में अपना परचम लहरा रही हैं. इसी कड़ी में पलामू जिले के हुसैनाबाद बेटी स्नेहा पाण्डेय ने ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन (AIBE) उत्तीर्ण कर अधिवक्ता बनने का गौरव हासिल किया है. इस उपलब्धि के साथ वह अब देशभर की अदालतों में वकालत करने के लिए पात्र हो गई हैं. उनकी सफलता से न केवल परिवार, बल्कि पूरा पलामू और हुसैनाबाद क्षेत्र गौरवान्वित है. सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्र के लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले की बेटियों के लिए प्रेरणादायी उपलब्धि बताया है.
बता दें कि स्नेहा पाण्डेय जिले के पत्रकार जयनन्दन पाण्डेय की पुत्री हैं. उन्होंने वर्ष 2021 में कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) उत्तीर्ण कर देहरादून स्थित उत्तराखंड विश्वविद्यालय में पांच वर्षीय समेकित एलएलबी पाठ्यक्रम में प्रवेश लिया. जिसके बाद वर्ष 2026 में उन्होंने उत्कृष्ट अंकों के साथ एलएलबी की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन में सफलता हासिल कर आधिकारिक रूप से अधिवक्ता बनने की पात्रता प्राप्त की. उन्होंने बताया कि बार काउंसिल की परीक्षा पास करने के बाद देशभर की अदालतों में अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस की जा सकती है.
स्नेहा ने आगे बताया कि अधिवक्ता बनना उनके लिए केवल एक पेशा नहीं, बल्कि वर्षों की मेहनत, धैर्य और समर्पण का परिणाम है. उन्होंने कहा कि तैयारी के दौरान कई बार लगा कि राह कठिन है, लेकिन कभी हार नहीं मानी. क्लैट परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने लगातार तीन महीने तक प्रतिदिन आठ से दस घंटे ऑनलाइन पढ़ाई की. वहीं ऑल इंडिया बार एग्जामिनेशन के लिए करीब दो महीने तक नियमित तैयारी की, जिसका परिणाम 20 जुलाई को घोषित हुआ और वह सफल रहीं.
उन्होंने कहा कि वो अपनी प्रारंभिक शिक्षा सीबीएसई बोर्ड से संचालित उद्यम पब्लिक स्कूल, जपला से प्राप्त की, जबकि इंटरमीडिएट की पढ़ाई प्लस-टू विद्यालय, हैदरनगर से पूरी की. स्नेहा ने बताया कि उनके चाचा स्वर्गीय बृजनंदन पाण्डेय पेशे से अधिवक्ता थे. उनके ही प्रोत्साहन और प्रेरणा से उन्होंने कानून की पढ़ाई का रास्ता चुना. स्नेहा का अगला लक्ष्य न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर जज बनना है. उन्होंने बताया कि पहले तीन वर्षों तक अधिवक्ता के रूप में प्रैक्टिस करेंगी, इसके बाद न्यायिक सेवा की तैयारी कर अपने सपने को साकार करने का प्रयास करेंगी. उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है.
About the Author
जी न्यूज, इंडिया डॉट कॉम, लोकमत, इंडिया अहेड, न्यूज बाइट्स के बाद अब न्यूज 18 के हाइपर लोकल सेगमेंट लोकल 18 के लिए काम कर रहा हूं. विभिन्न संस्थानों में सामान्य खबरों के अलावा टेक, ऑटो, हेल्थ और लाइफ स्टाइल बीट…
और पढ़ें