![]()
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार 09 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के सफल क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज गुमला समाहरणालय परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने की। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत सचिव तथा समाहरणालय के पदाधिकारी-कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों, कर्मियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों के बीच राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा का वितरण किया गया। साथ ही समाहरणालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाकर राष्ट्र के प्रति सम्मान तथा गौरव की भावना व्यक्त की। कार्यक्रम के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करें। ग्रामीणों को अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही पंचायत भवनों तथा अन्य सार्वजनिक संस्थानों में भी निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए आवश्यक पहल करने को कहा गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को फ्लैग कोड ऑफ इंडिया के प्रावधानों की जानकारी दी गई। राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा तथा सम्मान बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
Source link