![]()
हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली झारखंड सरकार के 28 नवंबर को दो साल पूरे हो रहे हैं। इस मौके पर मंत्रियों ने स्वास्थ्य, कृषि, पेयजल एवं स्वच्छता और कल्याण के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धियों के दावे किए हैं। मेडिकल सीटों में बढ़ोतरी से लेकर किसानों की कर्जमाफी,
.
कृषि विभाग …
किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुधारने की पहल : शिल्पी
कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने कहा कि झारखंड में किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की है। सरकार का लक्ष्य खेती को केवल आजीविका नहीं, बल्कि ग्रामीण रोजगार और आर्थिक समृद्धि का आधार बनाना है।
उपलब्धि : कृषि ऋण माफी योजना के तहत अब तक 3.60 लाख किसानों के 1987 करोड़ रुपए के ऋण माफ किए गए हैं। 57 बिरसा ग्राम-सह-किसान पाठशालाओं के माध्यम से 21,700 किसानों को प्रशिक्षण मिला है। किसान समृद्धि योजना में 8,425 सौर सिंचाई पंप बांटे गए, जबकि ड्रिप सिंचाई से 1.10 लाख किसानों को लाभ मिला।
चुनौतियां: कृषि विभाग की सबसे बड़ी चुनौती कृषि की बारिश पर निर्भरता और कम उत्पादक व्यवस्था से निकालकर सिंचित, लाभकारी और किसान-केंद्रित बनाना है।
पेयजल विभाग…
35.06 लाख ग्रामीण परिवारों तक पहुंचा नल से जल : योगेंद्र प्रसाद
पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री योगेंद्र प्रसाद का कहना है कि राज्य के ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने विशेष जोर है। इस पर काम हो रहा है। स्वच्छता पर भी विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है।
उपलब्धि : राज्य में 62,50,861 ग्रामीण परिवारों में से 35,06,267 परिवारों को घरेलू नल कनेक्शन उपलब्ध कराया गया है। जल जीवन मिशन के तहत 97,535 ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं पर काम किया गया है। इनमें 67,969 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को टिकाऊ बनाने के लिए अब तक 88,281 सोलर पंप स्थापित किए जा चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में 4.81 लाख 933 नलकूप अधिष्ठापित हैं।
चुनौतियां: हर घर में नियमित, पर्याप्त और शुद्ध पानी उपलब्ध कराना चुनौती है। जल जीवन मिशन की धीमी प्रगति, अधूरी योजनाएं, पेयजल स्रोतों का सूखना भी चुनौती है।
स्वास्थ्य विभाग…
चार नए मेडिकल कॉलेज खोलने की पहल, सीटों में इजाफा : इरफान
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को आधुनिक और जनसुलभ बनाने की दिशा में क्रांतिकारी बदलाव की नींव रखी गई है। सरकार का प्रयास है कि लोगों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।
उपलब्धि : एमबीबीएस की सीटें 500 से बढ़ाकर 1,680 और पीजी सीटों में दोगुनी वृद्धि की गई है। जमशेदपुर, धनबाद, खूंटी और गिरिडीह में चार नए मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की पहल हुई है। रांची में ‘रिम्स-2’ विकसित करने और पुराने रिम्स के आधुनिकीकरण पर काम चल रहा है। इसके अलावा ऑर्गन ट्रांसप्लांट (किडनी ट्रांसप्लांट) की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है।
चुनौतियां: अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी है। कई जिलों में अस्पताल भवन, बेड, ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों का अभाव है। इसे दूर करना जरूरी है।