मोरहाबादी स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम के दिव्यायन कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से गुटीगड़ा के विवेकानंद विद्या मंदिर परिसर में मंगलवार को 12 विवेकानंद सेवा संघों की आजीविका व ग्रामीण विकास बैठक की गई। बैठक में आजीविका संवर्धन, स्वरोजगार, कृषि विकास, महिला सशक्तीकरण और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। कार्यक्रम में खूंटी की एसडीएम, कार्यपालक दंडाधिकारी, मुरहू के बीडीओ, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश कांटवा व डॉ. किशोर गवाहाने व रामकृष्ण मिशन आश्रम के सचिव स्वामी भवेशानंद महाराज एवं स्वामी भक्तिशानंद महाराज उपस्थित थे। स्वामी भवेशानंद महाराज ने शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता को ग्रामीण विकास का आधार बताते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने पर बल दिया। स्वामी भक्तिशानंद महाराज ने युवाओं व महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने का आह्वान किया। वैज्ञानिक डॉ. ओम प्रकाश ने उन्नत कृषि, पशुपालन व बागवानी और डॉ. गवाहाने ने वैज्ञानिक खेती व ग्रामीण उद्यमिता की जानकारी दी। एसडीएम और बीडीओ ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं व महिला समूहों की भूमिका के प्रति प्रेरित किया। बैठक में प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने समृद्ध गांवों के निर्माण का संकल्प लिया।
Source link