भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

4 लाख मोतियों से बन रही राधा-कृष्ण की तस्वीर, जमशेदपुर के विवेक...


Last Updated:

Jamshedpur News: जमशेदपुर के कलाकार विवेक मिश्रा 11×7 फीट की राधा रानी और श्रीकृष्ण की तस्वीर बना रहे हैं. खास बात यह है कि ये तस्वीर 4 लाख मोतियों से बन रही है. काम लगभग अंतिम चरण में पहुंच गया है और विवेक तस्वीर बनने के बाद इसे संत प्रेमानंद जी महाराज को भेंट करना चाहते हैं.

ख़बरें फटाफट

जमशेदपुर. जमशेदपुर के युवा कलाकार विवेक मिश्रा एक बार फिर अपनी अनोखी कला को लेकर चर्चा में हैं. अपनी खास कलाकृतियों के लिए पहचान बना चुके विवेक इस बार करीब 4 लाख मोतियों से राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण की विशाल तस्वीर तैयार कर रहे हैं. यह कलाकृति न केवल उनकी मेहनत और समर्पण की मिसाल है, बल्कि आस्था और कला का सुंदर संगम भी है. खास बात यह है कि इस तस्वीर को बनाने की प्रेरणा उन्हें कथा वाचक और संत प्रेमानंद महाराज से मिली.

पहले भी बना चुके हैं अनोखी कलाकृतियां
विवेक मिश्रा इससे पहले भी कई अनोखी कलाकृतियां तैयार कर चुके हैं. उन्होंने मोतियों से मां दुर्गा और सूर्य देव की आकर्षक तस्वीरें बनाई थीं. इसके अलावा, उन्होंने हजारों फूलों की मदद से उद्योगपति रतन टाटा और प्रेमानंद महाराज की विशाल तस्वीर बनाकर भी लोगों का ध्यान खींचा था. उनकी इन कलाकृतियों को देशभर में सराहना मिली और सोशल मीडिया पर भी लोगों ने खूब पसंद किया.

जब मन में बस गई बात
विवेक बताते हैं कि जनवरी 2026 में जब वे प्रेमानंद महाराज की तस्वीर लेकर उनसे मिलने पहुंचे थे, तब बातचीत के दौरान महाराज जी ने कहा था कि उन्हें राधा रानी और भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीरें बेहद पसंद हैं और वे उनके परम भक्त हैं. प्रेमानंद महाराज की यही बात विवेक के मन में बस गई. उन्होंने उसी समय तय कर लिया कि वे राधा-कृष्ण की ऐसी तस्वीर बनाएंगे, जो श्रद्धा, कला और भक्ति का अनोखा उदाहरण बने.

दिन में नौकरी, रात में कलाकृति
पिछले तीन महीनों से विवेक इस प्रोजेक्ट पर लगातार काम कर रहे हैं. बैंक में नौकरी करने वाले विवेक दिनभर अपने काम की जिम्मेदारियां निभाते हैं और रात में घर लौटने के बाद कला साधना में जुट जाते हैं. वे रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक अपनी पत्नी और दो साल की बेटी के साथ मिलकर इस कलाकृति को आकार देते हैं. परिवार का सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, जिसकी बदौलत यह बड़ा प्रोजेक्ट अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है.

4 लाख मोतियों से बन रही तस्वीर
करीब 11 फीट लंबी और 7 फीट चौड़ी यह तस्वीर लगभग 4 लाख मोतियों को जोड़कर तैयार की जा रही है. खास तकनीक से बनाई जा रही इस कलाकृति की सबसे बड़ी विशेषता इसकी चमक है. विवेक के अनुसार, जब कमरे की सामान्य लाइट बंद कर दी जाती है, तब मोतियों की चमक में राधा रानी और श्रीकृष्ण की छवि इतनी जीवंत दिखाई देती है कि ऐसा लगता है, मानो स्वयं उनके दर्शन हो रहे हों. यही वजह है कि इसे देखने वाले लोग हैरान रह जाते हैं.

बना सकती है रिकॉर्ड
विवेक का दावा है कि इतनी बड़ी संख्या में मोतियों से तैयार की जा रही यह कलाकृति एक नया रिकॉर्ड भी बना सकती है. फिलहाल तस्वीर को अंतिम रूप देने के लिए रेजिन कोटिंग और आकर्षक बॉर्डर का काम किया जा रहा है. उनका लक्ष्य अगले एक सप्ताह में इसे पूरी तरह तैयार करना है. इसके बाद वे अपने पूरे परिवार के साथ वृंदावन जाकर यह खास कलाकृति प्रेमानंद महाराज को भेंट करेंगे. जमशेदपुर का यह युवा कलाकार अपनी मेहनत, लगन और भक्ति के जरिए एक बार फिर शहर का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने की तैयारी में है.

About the Author

Raina Shukla

बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top