करीब 40 करोड़ रुपये के धान घोटाला मामले में अब प्रवर्तन निदेशालय पूर्व विधायक रेखा नाइक पर शिकंजा कसने जा रहा है. ईडी अब तेलंगाना की कंपनी M/s ARS Industries में सर्च ऑपरेशन चलाने की तैयारी कर रही है. बता दें कि यह कंपनी रेखा नाइक की प्रोपराइटरशिप फर्म है और इस कंपनी के माध्यम से धान के करीब 40 करोड़ रुपये के पैसों के गबन का आरोप है.
रेखा नाइक ने 2018 में तेलंगाना विधानसभा चुनाव में तत्कालीन तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS), जो अब भारत राष्ट्र समिति (BRS) है, के टिकट पर खानापुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था और जीत हासिल की थी.
हालांकि 2023 के विधानसभा चुनाव में BRS ने रेखा नाइक को दोबारा टिकट नहीं दिया. इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी का दामन थाम लिया.
उनके पति श्याम नाइक भी पत्नी को BRS से दोबारा टिकट नहीं मिलने के बाद कांग्रेस में शामिल हो गए थे. कांग्रेस ने उन्हें आसिफाबाद विधानसभा सीट से अपना आधिकारिक उम्मीदवार बनाया था, हालांकि चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा.
40 करोड़ रुपये के धान घोटाले में रेखा नाइक मुख्य आरोपी
ईडी के प्रस्तावित सर्च ऑपरेशन का मुख्य आधार करीब 40 करोड़ रुपये के धान की कथित हेराफेरी और गबन से जुड़ा मामला है. इस FIR में रेखा नाइक को मुख्य आरोपी बताया गया है.
जांच एजेंसी का मानना है कि सर्च ऑपरेशन से मामले की जांच में तेजी लाने के साथ-साथ अपराध से अर्जित संपत्ति (Proceeds of Crime) को छिपाने या ठिकाने लगाने से रोका जा सकता है.
सर्च से जुटाए जा सकते हैं अहम सबूत
सर्च के दौरान रेखा नाइक के नाम पर मौजूद ऐसी संपत्तियों और परिसंपत्तियों का पता लगाने की कोशिश की जा सकती है, जिनका चुनाव आयोग में दाखिल हलफनामे में खुलासा नहीं किया गया हो. इसके अलावा, बेनामी संपत्तियों और उनके वास्तविक मालिकों की पहचान करने में भी मदद मिल सकती है. जांच एजेंसी को उम्मीद है कि सर्च के दौरान धान की कथित हेराफेरी से जुड़े बिक्री रसीद, वाउचर और अन्य दस्तावेज मिल सकते हैं.
एजेंसी का आकलन है कि ऐसे दस्तावेज सामान्य जांच प्रक्रिया के दौरान आसानी से उपलब्ध नहीं होते. सर्च के जरिए इन सबूतों को हासिल कर मामले को और मजबूत किया जा सकता है.
ED की जांच का फोकस
ईडी का मुख्य फोकस इस जांच में कथित 40 करोड़ रुपये के धान घोटाले से जुड़े दस्तावेज, अपराध से अर्जित संपत्ति, अघोषित परिसंपत्तियां और संभावित बेनामी संपत्तियों का पता लगाना है.