Last Updated:
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, राकेश कुमार मिश्रा की ड्यूटी बुधवार रात 10 बजे से गुरुवार सुबह 6 बजे तक की नाइट शिफ्ट में लगी थी. इसी दौरान सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली.
आरपीएफ जवान की रहस्यमयी मौत
रांची: राजधानी रांची के नामकुम रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह की एक घटना से सनसनी फैल गई . खबर के मुताबिक, रेलवे ट्रैक के किनारे रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के एक जवान का शव बरामद हुआ. शव क्षत-विक्षत हालत में मिला, जिसके बाद रेलवे और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया. प्रारंभिक जांच में जवान के ट्रेन की चपेट में आने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि यह हादसा है या कोई अन्य मामला, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है.
मृतक की पहचान आरपीएफ जवान राकेश कुमार मिश्रा के रूप में हुई है. बताया गया कि उनकी पोस्टिंग हाल ही में नामकुम रेलवे स्टेशन पर की गई थी. वह महज तीन दिन पहले ही सुईसा से स्थानांतरित होकर यहां पहुंचे थे और अपनी नई जिम्मेदारी संभाल रहे थे.
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, राकेश कुमार मिश्रा की ड्यूटी बुधवार रात 10 बजे से गुरुवार सुबह 6 बजे तक की नाइट शिफ्ट में लगी थी. इसी दौरान सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों और अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई.
घटनास्थल से जवान का बैग भी बरामद किया गया है. इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि घटना के समय जवान वहां कैसे पहुंचे और उनके साथ वास्तव में क्या हुआ. पुलिस उनकी ड्यूटी के दौरान की गतिविधियों और घटनास्थल के आसपास की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है.
रेल मंडल सुरक्षा आयुक्त ने बताया कि उन्हें जवान के रनओवर होने की सूचना मिली है. हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
घटना की सूचना जवान के परिजनों को दे दी गई है. बताया जा रहा है कि उनके परिवार के सदस्य बिहार के बेगूसराय और समस्तीपुर में रहते हैं. परिजन रांची के लिए रवाना हो चुके हैं.
इस घटना के बाद रेलवे सुरक्षा बल और रेलवे कर्मचारियों में शोक का माहौल है. वहीं पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि जवान की मौत एक हादसे का परिणाम थी या इसके पीछे कोई और कारण था.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें