![]()
पश्चिमी सिंहभूम जिले में चक्रधरपुर-चाईबासा मेन रोड पर उलीगुटु के समीप सड़क हादसे में रेलवे गार्ड अमित कुमार स्वाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साले आशीष डोगरा गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, दोनों एक रिश्तेदार के श्राद्ध कर्म में शामिल होने के बाद चाईबासा से मोटरसाइकिल से चक्रधरपुर लौट रहे थे। इसी दौरान उलीगुटु के पास अचानक सामने आए एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया और बाइक सड़क किनारे स्थित पुलिया से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में गार्ड को मृत घोषित किया हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों घायलों को सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद अमित कुमार स्वाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं आशीष डोगरा की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, उनके पैर की हड्डी टूट गई है। पसलियों में भी गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर स्थित एमजीएम अस्पताल रेफर करने की सलाह दी गई है। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी बताया जा रहा है कि अमित कुमार स्वाई भारतीय रेलवे में गार्ड के पद पर कार्यरत थे और अपनी ड्यूटी के प्रति बेहद सजग कर्मचारी माने जाते थे। उनकी असामयिक मौत से उनके सहकर्मियों में भी शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। दुर्घटना में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान में लगी हुई है।
Source link