![]()
रांची सहित पूरे झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे सक्रिय होता नजर आ रहा है। यही वजह है कि हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा सहित 8 से अधिक जिलों में देर रात से लेकर सुबह तक हल्की बारिश हो रही है। मौसम में बदलाव रविवार से दिखने लगा है। रविवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। कई इलाकों में सुबह व देर रात बारिश दर्ज की गई। रांची में 4 मिमी और खूंटी में 8 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई। अधिकतम तापमान 2.1 डिग्री कम होकर 33.1 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले एक सप्ताह तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहेगा। 60 किमी रफ्तार से चल सकती है हवा मौसम विभाग ने आज के लिए रांची, खूंटी, लोहरदगा और रामगढ़ समेत कई जिलों में तेज हवा और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने, गरज-चमक और वज्रपात की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही 23 से 27 जून तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में यलो अलर्ट लागू रहेगा। इस अवधि में भी 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है। टर्फ और बंगाल की खाड़ी से मिल रही नमी मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वर्तमान में पंजाब से बिहार तक एक टर्फ रेखा सक्रिय है, जबकि झारखंड से आंध्र प्रदेश तक दूसरी टर्फ बनी हुई है। इन दोनों मौसमी प्रणालियों के साथ बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी राज्य में बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बना रही है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद का कहना है कि जून के अंत तक हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी, जबकि जुलाई में नया सिस्टम बनने से अच्छी वर्षा की संभावना है। झारखंड, बिहार और ओडिशा के कुछ हिस्सों में 23 जून के आसपास मानसून के और आगे बढ़ने के संकेत हैं। कई जगहों में हुई अच्छी बारिश मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री तक गिरावट हो सकती है। हालांकि इसके बाद फिर तापमान में बढ़ोतरी संभव है। पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जिसमें गुमला के चैनपुर में सबसे अधिक 40.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा रांची में 35.6 मिमी, बोकारो में 35.5 मिमी और नामकुम में 23.5 मिमी बारिश हुई। फिलहाल रांची को छोड़कर अन्य जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है, जबकि रांची में अब तक सामान्य से अधिक बारिश हो चुकी है।
Source link