Last Updated:
घटना के बाद परिजन बच्चों को किसी तरह रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि दोनों मृत बच्चों के शव रातभर अस्पताल में पड़े रहे. रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया. लेकिन अस्पताल से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई.
झारखंड में दिल दहला देने वाला हादसा
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में आंधी-तूफान के दौरान हुई वज्रपात की घटना ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं. जिले के रंका थाना क्षेत्र के दुधवल गांव में आम चुनने गए तीन बच्चे बिजली गिरने की चपेट में आ गए. इस दर्दनाक हादसे में दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए. परिजनों का आरोप है कि उन्हें एंबुलेंस तक उपलब्ध नहीं कराई गई.
जानकारी के अनुसार, शनिवार रात आंधी और तेज बारिश के बाद गांव के एक आम के पेड़ के नीचे कई आम गिरे थे. इसी दौरान शाहबाज अंसारी, फैजुन खातून और सुहैल अंसारी आम चुनने के लिए पेड़ के पास पहुंचे. तभी अचानक पेड़ पर वज्रपात हो गया. बिजली गिरते ही तीनों बच्चे उसकी चपेट में आ गए. शाहबाज अंसारी और फैजुन खातून की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुहैल अंसारी गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल बच्चे का इलाज कराया जा रहा है.
घटना के बाद परिजन बच्चों को किसी तरह रंका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. परिजनों का आरोप है कि दोनों मृत बच्चों के शव रातभर अस्पताल में पड़े रहे. रविवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल भेजा गया. लेकिन अस्पताल से एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई.
परिजनों ने बताया कि मजबूरी में उन्हें घर से खाट मंगानी पड़ी. शव को पहले खाट पर रखा गया और फिर किराये पर पिकअप वाहन लेकर गढ़वा सदर अस्पताल पहुंचाया गया. उनका कहना है कि पूरे रास्ते किसी भी सरकारी विभाग की ओर से कोई मदद नहीं मिली.
इस घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है. परिजनों का कहना है कि अगर समय पर सरकारी सुविधा और एंबुलेंस मिल जाती तो कम से कम उन्हें इस कठिन समय में अतिरिक्त परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता. वहीं, स्थानीय लोग भी स्वास्थ्य व्यवस्था और आपदा के समय मिलने वाली सरकारी सुविधाओं पर सवाल उठा रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, घायल बच्चे का इलाज जारी है.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें