![]()
जमशेदपुर के साकची स्थित शालीमार मार्केट में सोमवार दोपहर रंगदारी मांगने को लेकर चाकूबाजी हुई। इस घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर पिस्टल लेकर दोबारा बाजार पहुंचे और दुकानदारों को धमकी देकर फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुलेट बाइक पर सवार तीन युवक होटल कलकत्तिया के सामने एक पान दुकान पर पहुंचे। गुटखा और सिगरेट लेने के बाद उन्होंने दुकानदार से 500 रुपए की रंगदारी मांगी। दुकानदार के विरोध करने पर आसपास के लोग जमा हो गए और दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने चाकू निकालकर हमला कर दिया। चाकू के हमले में मिनादुल हक, एमडी ताज और एमडी अब्दुल मस्जिद गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही आरोपी दोबारा बाजार में आ गए। इस बार उनके हाथ में पिस्टल थी। बदमाशों ने दुकानदारों को धमकाया और दहशत फैलाकर वहां से भाग गए। इस घटना और अपराधियों के दोबारा लौटने से शालीमार मार्केट के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। उन्होंने दिनदहाड़े हुई इस वारदात को कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल बताया। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार में नियमित गश्त और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। साकची थाना पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Source link