Last Updated:
मातृभूमि की रक्षा, अदम्य साहस, रणनीतिक नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के अद्वितीय समर्पण को सलाम करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रक्षा अलंकरण समारोह-2026 में भारतीय सेना, नौसेना, वायुसेना और तटरक्षक बल के 105 वीर अधिकारियों एवं जवानों को प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों से अलंकृत किया. इस गौरवपूर्ण अवसर पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के नायकों सहित देश की सैन्य शक्ति के कई दिग्गजों को उनके असाधारण योगदान के लिए सम्मानित किया गया.
लेफ्टिनेंट जनरल घई और एयर मार्शल भारती को सर्वोत्तम युद्ध सेवा पदक से सम्मानित किया गया.
नई दिल्ली. अगले थलसेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन, और लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई एवं एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती को सोमवार को उनकी असाधारण और बेहतरीन सेवा के लिए प्रतिष्ठित सैन्य सम्मानों से सम्मानित किया गया. लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई एवं एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती ने पिछले साल ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में अहम भूमिका निभाई थी.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित ‘रक्षा अलंकरण समारोह 2026 (चरण-2)’ के दौरान रक्षा बलों और भारतीय तटरक्षक बल के कर्मियों को विशिष्ट सेवा के लिए 105 सम्मान प्रदान किए. रक्षा मंत्रालय ने कहा, “ये सम्मान — सात सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, 30 परम विशिष्ट सेवा मेडल, 12 उत्तम युद्ध सेवा मेडल और 56 अति विशिष्ट सेवा मेडल — सैनिकों को उनकी असाधारण और बेहतरीन सेवा के लिए दिए गए हैं.” मंत्रालय ने एक सूची में उन लोगों के नाम भी बताए जिन्हें ये सम्मान मिले हैं और इसमें सैन्य सम्मानों की अलग-अलग श्रेणी का भी ज़िक्र किया गया है.
सेना की उत्तरी कमान के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा; ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सैन्य अभियान महानिदेशक रहे लेफ्टिनेंट जनरल घई; एयर मार्शल भारती (जो मई 2025 के ऑपरेशन के दौरान वायुसेना के हवाई अभियान महानिदेशक थे और अब वायुसेना के उप प्रमुख हैं); वायुसेना के वाइस चीफ़ एयर मार्शल नागेश कपूर; और एयर स्टाफ़ के पूर्व वाइस चीफ़ एयर मार्शल नर्मदेश्वर तिवारी (रिटायर्ड) को सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया गया है.
लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई: मई 2025 में पाकिस्तान के खिलाफ चले ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान वे भारतीय थल सेना के सैन्य अभियान महानिदेशक (DGMO) थे. उन्होंने दुश्मन के 9 बड़े आतंकी कैंपों को नेस्तनाबूद करने और जमीनी रणनीति का सफल नेतृत्व किया था.
एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती: इस महत्वपूर्ण ऑपरेशन के समय वे वायुसेना के हवाई अभियान महानिदेशक (DGAO) की कमान संभाल रहे थे और वर्तमान में वायुसेना के उप प्रमुख (Vice Chief) हैं. उन्होंने महज 23 मिनट के भीतर पाकिस्तान के हवाई सुरक्षा तंत्र को जैम कर सटीक सर्जिकल हवाई हमले करने के मिशन का संचालन किया था.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें