![]()
भास्कर न्यूज | कटकमसांडी थाना क्षेत्र के कटकमसांडी-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर छलटा के समीप रविवार रात करीब 8 बजे हुए सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान बड़का करम निवासी अनुज कच्छप (20 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हुसैन कच्छप का पुत्र था। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुज कच्छप कटकमसांडी चौक से अपने घर बड़का करम जा रहा था। इसी दौरान छलटा के पास विपरीत दिशा से आ रहे एक वाहन से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने कटकमसांडी थाना प्रभारी अनुपम प्रकाश को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। घायल युवक को तत्काल सीएचसी कटकमसांडी पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जाता है कि मृतक के पिता हुसैन कच्छप सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत हैं। अनुज अपने परिवार में एक भाई और एक बहन के साथ रहता था। बेटे की असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। चरही | पोलियो मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने के लिए चुरचू प्रखंड में रविवार से तीन दिवसीय विशेष पल्स पोलियो अभियान शुरू हो गया। 28 से 30 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद की खुराक पिलाई जा रही है। इससे कोई भी बच्चा इस गंभीर बीमारी के खतरे से अछूता न रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने चुरचू व डाडी प्रखंड के साथ टाटीझरिया और दारू की चयनित पंचायतों में भी विशेष व्यवस्था की है। विभिन्न स्थानों पर पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। यहां सुबह से ही अभिभावक अपने बच्चों को लेकर पहुंचे। उन्होंने बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाई। चुरचू प्रमुख निरंजन प्रसाद नायक और चिकित्सा प्रभारी डॉ. अशोक राम ने दवा पिलाकर इसकी शुरुआत की। आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहिया, एएनएम और स्वास्थ्यकर्मी की टीमें बूथों पर तैनात हैं। अभियान से पहले टास्क फोर्स का गठन किया गया। जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया गया। इससे कोई भी पात्र बच्चा छूटने न पाए। स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो बूथ पर ले जाकर दो बूंद जीवन की खुराक अवश्य पिलाएं। इचाक | इचाक प्रखंड में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत रविवार को 18103 बच्चों को जिंदगी की दो बूंद पोलियोरोधी दवा पिलाई गई। अभियान का शुभारंभ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इचाक में उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार मेहता एवं चिकित्सा प्रभारी डॉ. नीलोफर प्रवीण ने नवजात बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक पिलाकर किया। इसके बाद प्रखंड की सभी पंचायतों एवं गांवों में स्वास्थ्य विभाग की टीम और सहिया के माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों में एवं निर्धारित बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई गई। उप प्रमुख सत्येंद्र कुमार मेहता ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह है कि एक भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। इससे पोलियो-मुक्त समाज का लक्ष्य कायम रखा जा सके। अभियान के सफल संचालन में बीपीएम अनीता तिर्की, बीएएम रत्नेश कुमार सिंह, एचएम मनीष कुमार सिंहा, बीडीएम विवेक कुमार, फार्मासिस्ट रमेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के कर्मियों एवं सहियाओं की सक्रिय भूमिका रही। हजारीबाग | हजारीबाग मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का शर्मनाक मामला सामने आया है। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 40 वर्षीय प्रभु मेहता के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपने घर पर अकेली थी। तभी आरोपी ने मौका पाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पीड़िता ने अपने परिजनों को पूरी आपबीती बताई। इसके बाद परिजन तत्काल मुफस्सिल थाना पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुफस्सिल थाना पुलिस ने त्वरित प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छापेमारी की। नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। थाना प्रभारी मुकेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसे जल्द ही न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। स्थानीय निवासियों और सामाजिक संगठनों ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इससे समाज में कड़ा संदेश जाएगा। फिलहाल, पीड़िता की सुरक्षा और काउंसलिंग पर प्रशासन विशेष ध्यान दे रहा है। हजारीबाग | हजारीबाग पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। रविवार को शहर के व्यस्ततम पीटीसी चौक पर पुलिस ने सघन वाहन जांच अभियान चलाया। एसपी अमन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष अभियान का नेतृत्व डीएसपी सीसीआर मो. अयातुल्लाह ने किया। इस दौरान यातायात पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनुप कुमार के नेतृत्व में पांच पुलिस पदाधिकारी और 10 गृहरक्षकों की टीम मुस्तैद रही। अभियान के दौरान कुल 171 वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया। अभियान में बिना हेलमेट 124 बाइक सवार, ट्रिपल लोडिंग के 27 चालक, नो-पार्किंग में 16 ऑटो, टोटो व अन्य वाहन, और मोबाइल का उपयोग करते 4 चालक पकड़े गए। इन पर जुर्माना लगाया गया। डीएसपी सीसीआर मो. अयातुल्लाह ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुलिस का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सफर के दौरान अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, वाहन के वैध कागजात साथ रखें, यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित हो सके।
Source link