Last Updated:
How to get rid of clothes smell in rain: मानसून में धूप कम होने की वजह से और कई-कई दिन लगातार बारिश होने या फुहार पड़ने से कपड़े अक्सर घर के अंदर ही सुखाने पड़ते हैं. ऐसे में कपड़ों से बदबू आने लगती है. एक्सपर्ट से जानते हैं कि बारिश में कपड़ों को कैसे धोया, सुखाया जाए ताकि वे बदबू न करें.
जमशेदपुर. झारखंड में मानसून की शुरुआत हो चुकी है. लगातार बारिश और नमी भरे मौसम के कारण लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है. इनमें सबसे आम समस्या है कपड़ों का ठीक से न सूखना और उनमें से बदबू आना. कई बार कपड़ों से मछली जैसी तेज दुर्गंध आने लगती है, जिससे उन्हें पहनना भी मुश्किल हो जाता है. धुले कपड़े जो इस तरह से महकते हैं, उनकी वजह से बहुत कोफ्त होती है. दरअसल धूप न निकलने की वजह से कपड़े महकने लगते हैं.
इस विषय पर एक्सपर्ट रमेश बताते हैं कि बारिश के मौसम में कपड़ों से बदबू आने का मुख्य कारण नमी और हवा का सही प्रवाह न होना है. जब कपड़े लंबे समय तक गीले रहते हैं, तो उनमें बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगते हैं. यही कारण है कि कपड़ों से अजीब और तेज बदबू आने लगती है.
धुलाई करते समय रखें ध्यान
रमेश के अनुसार, सबसे पहले कपड़ों को अच्छी तरह से धोना जरूरी है. कपड़े धोते समय किसी अच्छे और गुणवत्ता वाले डिटर्जेंट का उपयोग करें. आजकल बाजार में कई तरह के आफ्टर-वॉश और फैब्रिक कंडीशनर उपलब्ध हैं, जिन्हें आखिरी बार पानी में मिलाकर कपड़ों को धोया जा सकता है. इससे कपड़ों में लंबे समय तक ताजगी और खुशबू बनी रहती है.
कपड़ों में पानी न रह जाए
कपड़े धोने के बाद यह सुनिश्चित करें कि उनमें पानी बिल्कुल कम से कम हो यानी जितना अच्छी तरह हो सके कपड़े निचोड़ लें. अगर संभव हो, तो वॉशिंग मशीन के स्पिन मोड का उपयोग करें या हाथ से अच्छी तरह निचोड़ लें. जितना कम पानी कपड़ों में रहेगा, वे उतनी जल्दी सूखेंगे और बदबू की संभावना भी कम होगी.
कमरों के दरवाजे खुले रखें
बारिश के दिनों में ज्यादातर लोग कपड़े कमरे के अंदर सुखाते हैं. ऐसे में कमरे की खिड़कियां और दरवाजे बंद नहीं रखने चाहिए. हवा का आना-जाना बहुत जरूरी है. अगर कमरा पूरी तरह बंद रहेगा, तो नमी बढ़ेगी और कपड़े देर से सूखेंगे. इसलिए खिड़कियां खुली रखें और पंखा लगातार चलाते रहें, ताकि हवा का प्रवाह बना रहे.
थोड़ी भी धूप निकले तो बाहर डाल दें कपड़ें
अगर दिन में थोड़ी देर के लिए भी धूप निकलती है, तो कपड़ों को कुछ समय के लिए धूप में जरूर रखें. थोड़ी सी धूप भी कपड़ों में मौजूद नमी को कम करने और बदबू पैदा करने वाले जीवाणुओं को खत्म करने में मदद करती है. इसके बाद आप कपड़ों को फिर से कमरे के अंदर सुखा सकते हैं.
एक्सपर्ट यह भी सलाह देते हैं कि कपड़े पूरी तरह सूख जाने के बाद उन्हें आयरन जरूर करें. आयरन की गर्मी कपड़ों में बची हुई नमी को खत्म कर देती है और बदबू आने की संभावना काफी कम हो जाती है.
थोड़ी सावधानी जरूरी
विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश के मौसम में थोड़ी सावधानी बरतकर कपड़ों को ताजा और खुशबूदार रखा जा सकता है. सही तरीके से धुलाई, पर्याप्त हवा, हल्की धूप और आयरन का उपयोग करके आप कपड़ों में आने वाली दुर्गंध से आसानी से छुटकारा पा सकते हैं और पूरे मानसून में ताजगी का आनंद ले सकते हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें