Last Updated:
झारखंड के चतरा जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां कुन्दा प्रखंड के बुधन भारती नाम के शख्स ने शराब के नशे में दो जिंदा सांप खा लिए. जब वह तीसरा सांप खाने लगा तो परिजनों ने उसे रोका. इसके बाद वह तीसरे सांप को मारकर अस्पताल ले गया. डॉक्टर जांच में उसके शरीर में जहर न पाकर हैरान रह गए और फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है.
पत्नी ने बयां की कहानी.
झारखंड के चतरा जिले से अंधविश्वास, नशे और हैरतअंगेज सनक का एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जिसने डॉक्टरों से लेकर आम जनता तक के होश उड़ा दिए हैं. यहां के कुन्दा प्रखंड में एक शख्स ने न सिर्फ दो जिंदा सांपों को कच्चा चबाकर खा लिया बल्कि तीसरे सांप की लाश को हाथ में लेकर सीधे अस्पताल पहुंच गया. इस अजीबोगरीब और रूह कंपा देने वाले नजारे को देखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी भी कुछ देर के लिए पूरी तरह सन्न रह गए. पूरे इलाके में यह हैरान करने वाली घटना आग की तरह फैल चुकी है और हर कोई इस शख्स की इस जानलेवा सनक की बात सुनकर दंग है. पत्नी ने पूरी कहानी को बयां किया.
दो सांप जिंदा खाए, तीसरे को मारकर थैले में भरा
जानकारी के अनुसार कुन्दा प्रखंड मुख्यालय के बरवाडीह गांव के रहने वाले बौद्ध भारती के 45 वर्षीय बेटे बुधन भारती ने इस पूरी खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. बुधन ने अपने घर के पास निकले दो जिंदा सांपों को पकड़ा और उन्हें जिंदा ही खा गया. इतने से भी जब उसका मन नहीं भरा, तो वह तीसरे सांप को भी चबाने की तैयारी में था. लेकिन ऐन वक्त पर परिजनों की नजर उस पर पड़ गई और उन्होंने चीख-पुकार मचाते हुए उसे रोक लिया. इसके बाद बुधन ने उस तीसरे सांप को जान से मार दिया और उसे अपने साथ लेकर सीधे प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गया. जब उसने डॉक्टरों के सामने मृत सांप को निकाला तो वहां हड़कंप मच गया.
शराब के नशे में किया खौफनाक कांड
अस्पताल पहुंचे बुधन भारती का डॉक्टरों ने तत्काल इलाज और परीक्षण शुरू किया. इस मामले में सबसे हैरान करने वाला खुलासा बुधन की पत्नी ने किया. पत्नी ने डॉक्टरों को बताया कि बुधन ने सचमुच दो जिंदा सांपों को चबाकर खाया था और इसके तुरंत बाद उसने भारी मात्रा में शराब भी पी ली थी. शराब के भयंकर नशे और सनक में उसने इस जानलेवा खेल को अंजाम दिया.
शरीर में नहीं मिला जहर
प्रतापपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कुमार संजीव ने बताया कि उनके पूरे करियर में इस तरह का यह पहला और बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है. डॉक्टरों की टीम ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए बुधन की बारीकी से जांच की. राहत की बात यह रही कि जांच के दौरान शख्स के शरीर में किसी भी प्रकार के सांप के जहर का प्रभाव नहीं पाया गया. जहर न फैलने के कारण फिलहाल बुधन भारती की स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है लेकिन डॉक्टर लगातार उसकी निगरानी कर रहे हैं. चिकित्सा प्रभारी ने लोगों से अपील की है कि वे इस तरह के जानलेवा और जोखिम भरे कृत्यों से दूर रहें.
About the Author
डिजिटल पत्रकारिता में खबरों की गहरी समझ रखने वाले संदीप गुप्ता वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. 16 वर्षों से सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में इन्होंने अपनी कलम से जटिल विषयों को …और पढ़ें