Last Updated:
Mahendra Singh Dhoni Birthday Tea Free: महेंद्र सिंह धोनी आज अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं. देवघर में धोनी टी स्टाल के संचालक आर्यन धोनी के बहुत बड़े फैन हैं, जो उनके जन्मदिन पर मुफ्त चाय पिलाते हैं. उनकी इच्छा है कि धोनी एकबार जरूर उनकी दुकान पर चाय पिएं.
देवघर: भारतीय क्रिकेट के इतिहास में जब भी सबसे सफल कप्तानों का नाम लिया जाएगा, तो सबसे पहले महेंद्र सिंह धोनी का नाम जरूर आएगा. साल 2007 में अपनी कप्तानी में भारत को पहला टी-20 वर्ल्ड कप जिताने वाले धोनी ने साल 2011 में 28 साल बाद वनडे वर्ल्ड कप का सपना भी पूरा किया. अपनी शांत सोच, शानदार कप्तानी और मैच को आखिरी गेंद तक खत्म करने की कला की वजह से धोनी करोड़ों भारतीयों के दिलों पर राज करते हैं. यही वजह है कि उनके चाहने वाले उन्हें सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि भगवान का दर्जा देते हैं. आज यानी 7 जुलाई को महेंद्र सिंह धोनी अपना 45वां जन्मदिन मना रहे हैं. उनके जन्मदिन को देशभर में या विदेश मे भी उनके फैंस अपने-अपने अंदाज में खास बनाते हैं. कोई केक काटता है तो कोई पूजा करता है, लेकिन देवघर में एक ऐसा फैन है, जिसकी दीवानगी हर किसी को हैरान कर देती है.
धोनी क्रिकेटर नहीं, बल्कि उनके लिए हैं भगवान
देवघर के जसीडीह स्थित आरोग्य भवन के पास रहने वाले आर्यन पेशे से चाय बेचते हैं. उन्होंने अपनी छोटी-सी चाय की दुकान का नाम ही ‘धोनी टी स्टॉल’ रख दिया है. आर्यन बताते हैं कि वह बचपन से ही महेंद्र सिंह धोनी के बहुत बड़े प्रशंसक हैं. उनके लिए धोनी सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि प्रेरणा और भगवान के समान हैं. यही कारण है कि वह हर साल 7 जुलाई का इंतजार करते हैं और पूरे उत्साह के साथ अपने पसंदीदा खिलाड़ी का जन्मदिन मनाते हैं. उनकी दुकान को गुब्बारों और पोस्टरों से सजाया जाता है. धोनी की तस्वीर के सामने केक काटा जाता है और फिर आने वाले हर ग्राहक को मुफ्त में चाय पिलाई जाती है. आर्यन का कहना है कि यह उनका अपने पसंदीदा खिलाड़ी के प्रति सम्मान जताने का सबसे छोटा प्रयास है.
जानें क्या कहते है दुकानदार आर्यन
आर्यन ने लोकल 18 से बातचित करते हुए कहा कि वह पिछले कई सालों यह परंपरा बनाए रखी है कि धोनी के जन्मदिन पर उनकी दुकान में कोई भी ग्राहक आए, उससे चाय का एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा. पूरे दिन मुफ्त में चाय पिलाई जाती है. आसपास के लोग भी इस दिन का इंतजार करते हैं और बड़ी संख्या में उनकी दुकान पर पहुंचते हैं. कई लोग सिर्फ इस अनोखी दीवानगी को देखने आते हैं, तो कई लोग धोनी के जन्मदिन की खुशी में आर्यन के साथ शामिल होकर चाय का आनंद लेते हैं. आर्यन कहते हैं कि धोनी ने जिस तरह अपने खेल और व्यवहार से करोड़ों लोगों का दिल जीता है, उसी का सम्मान करने के लिए वह हर साल यह आयोजन करते हैं.
कलयुग में हो जाएगा भगवान का दर्शन
आर्यन का कहना है कि उनके जीवन की सबसे बड़ी इच्छा सिर्फ एक है. वह चाहते हैं कि एक दिन महेंद्र सिंह धोनी उनकी छोटी-सी चाय की दुकान पर आएं और उनके हाथ की बनी हुई चाय पिएं. आर्यन भावुक होकर कहते हैं कि अगर ऐसा हो गया तो वह अपने जीवन को सफल मानेंगे. उनके लिए वह पल किसी सपने से कम नहीं होगा. वह कहते हैं कि जिस दिन माही उनकी दुकान पर आएंगे, उस दिन उन्हें ऐसा महसूस होगा जैसे इस कलयुग में उन्हें अपने भगवान के साक्षात दर्शन हो गए हैं. हालांकि, उन्हें एक बार रांची के स्टेडियम में दूर से धोनी को देखने का मौका मिला था, लेकिन आज भी वह उनसे आमने-सामने मिलने का इंतजार कर रहे हैं.
मुख्य कोच के रूप मे देखना चाहते महेन्द्र सिंह धोनी को
धोनी के भविष्य को लेकर भी आर्यन की बड़ी इच्छा है. उनका मानना है कि महेंद्र सिंह धोनी का अनुभव भारतीय क्रिकेट के लिए अभी भी बहुत कीमती है. इसलिए वह चाहते हैं कि आने वाले समय में माही टीम इंडिया के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालें. आर्यन का कहना है कि जिस तरह धोनी ने कप्तान रहते हुए भारतीय टीम को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया, उसी तरह अगर वह कोच बनेंगे तो आने वाली पीढ़ी के खिलाड़ियों को भी सही दिशा मिलेगी. देवघर के इस चायवाले की धोनी के प्रति ऐसी दीवानगी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है और हर कोई उनकी इस अनोखी श्रद्धा की तारीफ करता रहता है.
About the Author
बृजेंद्र प्रताप सिंह डिजिटल-टीवी मीडिया में (2021) लगभग 5 सालों से सक्रिय हैं. मेट्रो न्यूज 24 टीवी चैनल मुंबई, ईटीवी भारत डेस्क, दैनिक भास्कर डिजिटल डेस्क के अनुभव के साथ 14 मई 2024 से News.in में सीनियर कंटें…और पढ़ें