Last Updated:
NIT Jamshedpur’s Megha Mahapatra’s Innovation: एनआईटी जमशेदपुर की मेघा महापात्र और उनकी टीम ने 5G, 6G व स्मार्ट वाहनों के लिए नई एंटीना तकनीक विकसित की है. इस तकनीक को भारतीय पेटेंट कार्यालय ने प्रकाशित किया है. भविष्य में यह वाहनों की संचार व्यवस्था को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है.
जमशेदपुर. यह कहानी है मेहनत, लगन और शिक्षा के प्रति समर्पण की. एनआईटी जमशेदपुर की शोधार्थी मेघा महापात्र ने अपने शोध कार्य के दम पर ऐसा मुकाम हासिल किया है, जिस पर न केवल जमशेदपुर बल्कि पूरा झारखंड और ओडिशा गर्व कर सकता है. मेघा और उनकी टीम द्वारा विकसित नई एंटीना तकनीक को भारतीय पेटेंट कार्यालय ने प्रकाशित किया है. यह तकनीक आने वाले समय में 5G, 6G और स्मार्ट वाहनों की संचार व्यवस्था को और बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है.
बचपन से पढ़ाई में होनहार रही हैं मेघा
ओडिशा की रहने वाली मेघा महापात्र बचपन से ही पढ़ाई में बेहद होनहार रही हैं. स्कूल के दिनों से ही वह अपनी कक्षा में अव्वल आती थीं. शिक्षा के प्रति उनके जुनून का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने हर पड़ाव पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. उन्होंने भुवनेश्वर से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद बरहामपुर विश्वविद्यालय से एमटेक किया, जहां उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए पांचवां स्थान हासिल किया और अपने जिले का नाम रोशन किया.
शादी के बाद भी जारी रहा सफर
पढ़ाई पूरी होने के बाद उनकी शादी जमशेदपुर में हुई. उनके पति मनोज कुमार यूसीआईएल जादूगोड़ा में सुपरिंटेंडेंट ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं. शादी के बाद अक्सर महिलाओं के सामने करियर और परिवार के बीच संतुलन बनाने की चुनौती होती है, लेकिन मेघा ने अपनी पढ़ाई और सीखने का जुनून कभी नहीं छोड़ा. उन्होंने शिक्षण कार्य शुरू किया और असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में विद्यार्थियों को पढ़ाने लगीं. हालांकि, उनके भीतर कुछ नया करने और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने की इच्छा लगातार बनी रही.
वाहन संचार के लिए बनाया एंटीना
इसी जुनून ने उन्हें एनआईटी जमशेदपुर तक पहुंचाया, जहां उन्होंने पीएचडी करने का फैसला लिया. शोध के दौरान उन्होंने अपने सहयोगियों अरविंद कुमार, धीरज पांडे और मार्गदर्शक प्रोफेसर डॉ. सुरोजित कुंडू के साथ मिलकर एक अत्याधुनिक तकनीक विकसित की. इस तकनीक का नाम ‘वाहन संचार के लिए सब्सट्रेट-स्वतंत्र MIMO एंटीना’ है. यह एंटीना विशेष रूप से चलती हुई गाड़ियों में 5G और 6G स्पेक्ट्रम पर बेहतर संचार सुनिश्चित करने के लिए तैयार किया गया है.
भविष्य में होगा मददगार
इस एंटीना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे वाहन की विभिन्न सतहों पर आसानी से लगाया जा सकता है और यह तेज गति से डेटा ट्रांसफर करने में सक्षम है. इसकी विशेष डिजाइन अलग-अलग सिग्नलों के बीच होने वाले हस्तक्षेप को कम करती है, जिससे संचार अधिक स्थिर और भरोसेमंद बनता है. भविष्य में इसका उपयोग वाहन-से-वाहन संचार, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, कनेक्टेड कार और स्वचालित वाहनों में किया जा सकेगा.
सालों की मेहनत को मिली मंजिल
भारतीय पेटेंट कार्यालय द्वारा इस तकनीक का पेटेंट प्रकाशित किया जाना मेघा महापात्र और उनकी पूरी टीम की वर्षों की मेहनत का परिणाम है. यह उपलब्धि दिखाती है कि अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और सीखने की इच्छा बनी रहे, तो शादी, नौकरी या अन्य जिम्मेदारियां सफलता की राह में बाधा नहीं बनतीं. मेघा महापात्र की यह प्रेरणादायक यात्रा आज की युवा पीढ़ी, खासकर छात्राओं और महिला शोधकर्ताओं के लिए एक मिसाल है. उनकी सफलता यह संदेश देती है कि मेहनत और लगन के बल पर किसी भी सपने को हकीकत में बदला जा सकता है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें