![]()
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को खेलगांव स्थित टिकैत उमराव सिंह शूटिंग रेंज परिसर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की आधारभूत संरचनाओं के रख-रखाव की बदहाल स्थिति और खिलाड़ियों को दी जा रही सुविधाओं में कमियां देखकर कड़ी नाराजगी जताई। मुख्यमंत्री ने मौके पर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए व्यवस्था में तुरंत सुधार करने और पूरी व्यवस्था का आधुनिकीकरण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने परिसर के 10 मीटर, 25 मीटर और 50 मीटर शूटिंग रेंज का बारीकी से जायजा लिया। खिलाड़ियों की सुरक्षा, प्रशिक्षण मानकों, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता की समीक्षा की। उन्होंने खेलकूद विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शूटिंग रेंज के विश्वस्तरीय विकास के लिए प्रभावी और दीर्घकालिक कार्ययोजना तैयार की जाए। सीएम ने स्वयं भी शूटिंग राइफल से निशाना साधा- अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से समस्याओं को जाना
इस दौरान सीएम ने स्वयं भी शूटिंग राइफल से निशाना साधा और अभ्यास कर रहे खिलाड़ियों से उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने परिसर में लगे फायर एक्सटिंगिवीशर और फायर हाइड्रेंट की सुरक्षा जांचने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल कराने तथा सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त करने की हिदायत दी। प्रतिभाओं को आगे बढ़ाना राज्य सरकार का संकल्प
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभाओं की धरती है। यहां के युवाओं ने हॉकी,आर्चरी, निशानेबाजी समेत कई खेल में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का मान बढ़ाया है। सरकार का संकल्प है कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले होनहार खिलाड़ियों को भी विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और संसाधन मिलें। खेल सिर्फ प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन और आत्मविश्वास जगाने का माध्यम है। इस अवसर पर सीएम के साथ विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, खेलकूद विभाग के सचिव मुकेश कुमार आदि मौजूद थे।
Source link