बड़की सरिया| सरिया-बगोदर क्षेत्र में हाथियों के बढ़ते आतंक और उससे हो रहे जान-माल के नुकसान को लेकर सोमवार को झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य शत्रुघ्न प्रसाद मंडल ने हजारीबाग प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल से मुलाकात की। उन्होंने डीएफओ को ग्रामीणों की समस्याओं से अवगत कराते हुए हाथियों को आबादी वाले इलाकों से सुरक्षित तरीके से बड़े जंगलों की ओर खदेड़ने के लिए एक विशेष टीम बनाने की मांग की। साथ ही प्रभावित गांवों में जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने का आग्रह किया। मंडल ने बताया कि सरिया और बगोदर क्षेत्र के गांवों में हाथियों का झुंड लगातार फसलों को रौंद रहा है और मकानों को नुकसान पहुंचा रहा है। हाथियों के हमले में कई स्थानीय लोगों की जान भी जा चुकी है। प्रतिनिधिमंडल ने प्रभावित गांवों में तुरंत स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट लगाने, ग्रामीणों के बीच टॉर्च और पटाखे बांटने की मांग की।हजारीबाग प्रमंडल के डीएफओ विकास कुमार उज्ज्वल ने कहा कि प्रभावित ग्रामीण इलाकों में जल्द ही स्ट्रीट लाइट, टॉर्च और अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जाएगा।
Source link