Last Updated:
Jamshedpur To Puri Rath Yatra: जगन्नाथ रथयात्रा के लिए दक्षिण-पूर्व रेलवे ने 5 स्पेशल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है. ये ट्रेनें 15, 17, 23 और 25 जुलाई को चलेंगी, जिससे झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के श्रद्धालुओं को सुविधा होगी. अगर पहली बार पुरी जा रहे हैं तो यह सुविधा आपके बहुत काम आ सकती है.
जमशेदपुर. भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में शामिल होने और पुरी धाम के दर्शन करने की योजना बना रहे श्रद्धालुओं के लिए अच्छी खबर है. यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दक्षिण-पूर्व रेलवे ने पांच विशेष ट्रेनों के संचालन की घोषणा की है. इन ट्रेनों के चलने से झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के हजारों श्रद्धालुओं को पुरी तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी. रेलवे का उद्देश्य त्योहार के दौरान यात्रियों को आरामदायक और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है.
इन तारीखों पर चलेंगी ट्रेनें
रेलवे के अनुसार 15, 17, 23 और 25 जुलाई को अलग-अलग रूटों पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इनमें शालीमार-पुरी-शालीमार, राउरकेला-पुरी-राउरकेला, टाटानगर-बदामपहाड़-पुरी तथा बड़बिल-पुरी-बड़बिल स्पेशल ट्रेनें शामिल हैं. ये ट्रेनें यात्रियों को सीधे पुरी तक पहुंचाने में मदद करेंगी, जिससे सामान्य ट्रेनों में होने वाली भीड़ से राहत मिलेगी.
सबसे बड़ी सुविधा यह ट्रेन
टाटानगर और आसपास के इलाकों के यात्रियों के लिए सबसे बड़ी सुविधा टाटानगर-बदामपहाड़-पुरी स्पेशल ट्रेन होगी. यह ट्रेन टाटानगर से सुबह लगभग 10:55 बजे रवाना होगी और शाम करीब 7:35 बजे पुरी पहुंचेगी. वहीं, वापसी में यह ट्रेन पुरी से शाम 5:30 बजे खुलेगी और अगले दिन सुबह टाटानगर पहुंचेगी. इससे यात्रियों को समय के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी.
ये भी हैं ऑप्शन
इसी तरह राउरकेला-पुरी स्पेशल ट्रेन शाम 7:40 बजे राउरकेला से रवाना होकर अगले दिन सुबह 9:45 बजे पुरी पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन पुरी से सुबह 3 बजे खुलेगी और दोपहर बाद राउरकेला पहुंचेगी. शालीमार-पुरी स्पेशल ट्रेन भी यात्रियों के लिए एक बेहतर विकल्प होगी, जो शाम के समय रवाना होकर अगले दिन सुबह पुरी पहुंचेगी. इसके अलावा बड़बिल-पुरी-बड़बिल स्पेशल ट्रेन भी निर्धारित तिथियों पर संचालित होगी.
अगर पहली बार जा रहे हैं पुरी
अगर आप पहली बार पुरी जा रहे हैं, तो यह अवसर आपके लिए खास हो सकता है. रथयात्रा के दौरान पूरा पुरी शहर भक्तिमय माहौल में डूबा रहता है. लाखों श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा के भव्य रथों के दर्शन करने पहुंचते हैं. ऐसे में स्पेशल ट्रेनों के संचालन से यात्रा पहले की तुलना में काफी आसान और सुविधाजनक हो जाएगी.
समय रहते करा लें आरक्षण
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे समय रहते अपना आरक्षण करा लें, क्योंकि रथयात्रा के दौरान सीटों की मांग काफी बढ़ जाती है. अगर आप भी इस वर्ष जगन्नाथ धाम के दर्शन का सपना देख रहे हैं, तो ये स्पेशल ट्रेनें आपके सफर को आरामदायक, सुरक्षित और यादगार बना सकती हैं.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें