भास्कर न्यूज|गुमला उपायुक्त गुमला दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित सभागार में विद्यालय से बाहर बच्चों के नामांकन एवं पुनः विद्यालय से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित विशेष नामांकन अभियान को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि गुमला जिले के भरनो एवं घाघरा प्रखंड के चिन्हित 157 विद्यालयों में 07 जुलाई 2026 से 07 सितंबर 2026 तक विशेष नामांकन अभियान संचालित किया जाएगा। इस अभियान का उद्देश्य विद्यालय से बाहर रह रहे बच्चों की पहचान कर उन्हें पुनः विद्यालयों में नामांकित करते हुए शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना तथा उनके ठहराव को सुनिश्चित करना है। उप विकास आयुक्त अनिमेश रंजन ने बताया कि यू-डायस 2025-26 प्रतिवेदन में दर्ज उच्च ड्रॉपआउट दर, कम प्रोग्रेशन दर तथा नामांकन में कमी जैसे प्रमुख शैक्षणिक सूचकांकों के आधार पर जिले के दो उच्च प्राथमिकता वाले प्रखंडों का चयन किया गया है। इसके अंतर्गत घाघरा प्रखंड के 99 विद्यालय तथा भरनो प्रखंड के 58 विद्यालय सहित कुल 157 विद्यालयों को विशेष अभियान के लिए चिन्हित किया गया है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल शिक्षा विभाग का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि इसे एक व्यापक जनअभियान के रूप में संचालित किया जाएगा।
Source link