भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

भूरसो-बैंगाटोली बनी चैंपियन




भास्कर न्यूज|भरनो/गुमला भरनो प्रखंड के मोरगांव स्थित मैदान में नवयुवक संघ के तत्वावधान में आयोजित छह दिवसीय मनी प्राइज व खस्सी प्राइज हॉकी टूर्नामेंट का भव्य समापन किया गया। फाइनल मैच में स्थानीय विधायक जिगा सुसारन होरो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जॉनसन बाड़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फाइनल मैच का शुभारंभ कराया। इस अवसर पर विधायक जिग्गा सुसारन होरो ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल में जीतने वाला सिकंदर होता है, लेकिन हारने वाला खिलाड़ी भी अपने संघर्ष और प्रयास के कारण सम्मान का पात्र होता है। उन्होंने कहा कि गांव के युवाओं द्वारा हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन करना सराहनीय पहल है, क्योंकि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने और निखारने का अवसर मिलता है। विधायक ने कहा कि खेल के क्षेत्र में भी युवा बेहतर भविष्य बना सकते हैं। इसके लिए खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ना होगा। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। मनी प्राइज हॉकी टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबला भूरसो-बैंगाटोली और बसिया की टीम के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। निर्धारित समय तक मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद निर्णय पेनाल्टी शूटआउट से हुआ, जिसमें भूरसो-बैंगाटोली की टीम ने तीन गोल से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया। विजेता टीम को समिति की ओर से 25 हजार रुपए नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता बसिया की टीम को 15 हजार रुपए नगद राशि प्रदान की गई। वहीं खस्सी प्राइज हॉकी टूर्नामेंट में कुल 60 टीमों ने भाग लिया।इसका फाइनल मुकाबला डीजे सलंगलोया, लापुंग और झारखंड स्टार सायंदा टीम के बीच खेला गया। समाचार लिखे जाने तक फाइनल मैच के बाद मंचीय कार्यक्रम जारी था। खस्सी प्राइज टूर्नामेंट का मुख्य आकर्षण नेशनल हॉकी खिलाड़ी विजय तिर्की रहे। विजय तिर्की डीजे सलंगलोया टीम की ओर से फाइनल मुकाबले में खेल रहे थे। उनके खेल को देखने और उत्साह बढ़ाने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह नजर आया। कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड अध्यक्ष जॉनसन बाड़ा, थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, मुखिया मीरा उरांव, पंचायत समिति सदस्य राजेश्वरी उरांव, राजेंद्र उरांव, अनिल उरांव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। टूर्नामेंट को सफल बनाने में नवयुवक संघ के रोशन उरांव, सिमोन तिर्की, आश्रित तिर्की, जयराम उरांव, सोमन लकड़ा, सूरज उरांव, आकाश केरकेट्टा, अर्पण बाड़ा, संतोष उरांव, बलदेव उरांव सहित अन्य सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top