नई दिल्ली (Highest Paying Jobs in India 2026). साल 2026 में भारत का जॉब मार्केट पूरी तरह से बदल चुका है. अगर आप सोच रहे हैं कि सिर्फ एआई (AI) और टेक फील्ड में ही सबसे ज्यादा पैसा मिल रहा है तो आप थोड़े गलत हैं. मार्केट में इस समय एक ऐसा छिपा हुआ सेक्टर है, जो सैलरी बढ़ाने के मामले में एआई से भी कहीं आगे निकल गया है. यहां नौकरी बदलने पर कर्मचारियों को 50 फीसदी तक का बंपर इंक्रीमेंट मिल रहा है.
खत्म हुआ हर काम जानने वालों का जमाना
कोरोना के बाद बाजार में जो उतार-चढ़ाव था, वह अब शांत हो चुका है. ज्यादातर सेक्टर्स में सालाना सैलरी हाइक अब 8% से 12% के बीच आकर सिमट गई है. इसका मतलब है कि अब उन लोगों के दिन लद गए हैं जो ‘हर काम थोड़ा-बहुत’ (Generalists) जानते थे. कंपनियों को अब ऐसे लोग चाहिए जो अपने काम के एकदम पक्के एक्सपर्ट हों.
सुस्त हुई आईटी सेक्टर की रफ्तार
मिडिल क्लास को अमीर बनाने वाला पारंपरिक आईटी (IT) सेक्टर इन दिनों कछुए की चाल चल रहा है. माइकल पेज की रिपोर्ट के मुताबिक, सामान्य सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट और रिटेल सेक्टर में औसत सैलरी हाइक सिर्फ 6% से 10% के बीच ही रह गई है.. यानी अब कोडिंग का पुराना और रूटीन काम आपको रातों-रात अमीर नहीं बनाने वाला.
एआई और डीप-टेक का 30% प्रीमियम
अगर आपके पास एआई, मशीन लर्निंग, सेमीकंडक्टर या बैटरी टेक्नोलॉजी जैसी धांसू स्किल्स हैं तो आपकी चांदी है. भारत अब दुनिया का बैक-ऑफिस नहीं, बल्कि बड़ा इंजीनियरिंग हब बन रहा है. टैलेंट की भारी कमी के कारण कंपनियां इन डीप-टेक स्पेशलिस्ट्स को नौकरी बदलने पर 30% तक की एक्स्ट्रा हाइक खुशी-खुशी दे रही हैं.
50% हाइक वाला छिपा हुआ खजाना: कंस्ट्रक्शन में ESG
2026 का सबसे बड़ा सरप्राइज रियल एस्टेट और कंस्ट्रक्शन सेक्टर से आया है. यहां ESG (एनवायरमेंटल, सोशल और गवर्नेंस) यानी सस्टेनेबिलिटी एक्सपर्ट्स की इतनी भारी डिमांड है कि उन्हें 35% से 50% तक की सैलरी हाइक मिल रही है. सेबी (SEBI) के सख्त नियमों के कारण हर बड़ी कंपनी को अब ग्रीन-बिल्डिंग आर्किटेक्ट और कार्बन ऑडिटर्स की जरूरत है, जिनकी फिलहाल मार्केट में भारी कमी है.
हेल्थकेयर में छिपी क्रांति
फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर भी इस बार आईटी से आगे निकल गया है. यहां औसतन 12% से 15% की ग्रोथ नजर आ रही है. इसकी वजह यह है कि दवाओं की खोज में अब जेनरेटिव एआई का इस्तेमाल किया जा रहा है. कंपनियां ऐसे डेटा साइंटिस्ट को मुंहमांगे दाम पर नौकरी दे रही हैं, जो मेडिकल साइंस की बेहतरीन समझ रखते हैं. इनकी डिमांड अचानक से बढ़ गई है.
एक ही कंपनी में टिके रहने का नुकसान
2026 के जॉब मार्केट का एक कड़वा सच ‘लॉयल्टी टैक्स’ भी है. रिपोर्ट बताती है कि 30% से 50% की बड़ी जंप सिर्फ उन्हीं को मिल रही है जो नौकरी बदल रहे हैं. कंपनियां नया टैलेंट लाने के लिए तो खजाना खोल रही हैं, लेकिन पुराने कर्मचारियों को रोकने के लिए बजट कंजूसी से खर्च कर रही हैं. साफ है कि बाजार अब वफादारी को नहीं, बल्कि आपके हुनर को इनाम दे रहा है.