![]()
झरिया थाना क्षेत्र के कतरास मोड़ स्थित एक शराब दुकान के पास उस समय हंगामा मच गया, जब असामाजिक तत्वों ने पुलिस पेट्रोलिंग टीम पर पथराव कर दिया। इस घटना में पुलिस जीप का अगला शीशा टूट गया। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने दो सुतली बम भी फेंके। जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस पूरे घटनाक्रम में किसी पुलिसकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है। अचानक हुई इस घटना से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शराब पीकर कर रहे थे हंगामा मिली जानकारी के अनुसार, शराब दुकान के पास कुछ युवक शराब के नशे में शोर-शराबा और हंगामा कर रहे थे। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना झरिया थाना को दी। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। युवकों को वहां से हटाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस की कार्रवाई का विरोध करते हुए उपद्रवियों ने अचानक आक्रामक रुख अपना लिया और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इसी दौरान एक बड़ा पत्थर पुलिस जीप के अगले शीशे पर आकर लगा, जिससे वह चकनाचूर हो गया। सुतली बम से फैली दहशत पथराव के दौरान ही उपद्रवियों ने दो सुतली बम भी फेंके, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों और दुकानों की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शशि रंजन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक उपद्रवी मौके से फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि पास के गुलगुलिया पट्टी इलाके में एक शादी समारोह चल रहा था, जहां से आए कुछ युवक शराब दुकान के पास हंगामा कर रहे थे। बाद में स्थिति बेकाबू हो गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि उपद्रवियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए कतरास मोड़ से सिंह नगर तक भारी पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया।
Source link