गुमला|सदर थाना क्षेत्र के जोराग नायक टोली निवासी 25 वर्षीय आकाश साहू ने रविवार की सुबह अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार आकाश की पत्नी काफी समय से उसके साथ नहीं रह रही थी। परिजनों का कहना है कि इसी कारण वह मानसिक तनाव में रहता था। रविवार सुबह जब घर के लोग उठे तो आकाश का शव कमरे में रस्सी के सहारे लटका हुआ मिला। इसके बाद परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गुमला| सदर थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल आंजन धाम के समीप रविवार को एक टुकटुक (ऑटो) अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार पांच लोग घायल हो गए। घायलों में टुकटुक चालक उदेश कुमार के अलावा उमा देवी, मुरारी कुमार शर्मा, अंकिता शर्मा और उषा शर्मा शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही टोटो पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सदर अस्पताल गुमला पहुंचाया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चालक उदेश कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज सदर अस्पताल में जारी है। घायलों ने बताया कि वे सभी टुकटुक रिजर्व कर आंजन धाम पूजा-अर्चना करने गए थे। पूजा संपन्न करने के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आंजन धाम के समीप अचानक टुकटुक चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना के समय टुकटुक में कई लोग सवार थे। वाहन पलटने से चालक के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अन्य यात्रियों को भी हाथ, पैर और शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोट लगी है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टुकटुक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Source link