Last Updated:
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का 85 वर्ष की उम्र निधन हो गया. सांस लेने में तकलीफ के चलते वे पिछले कुछ दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं. 25 साल पहले मौत को मात देने वाली चेन्नपा शनिवार इससे हार गईं और हार्ट अटैक से उनकी मृत्यु हो गई. 93 वर्षीय देवेगौड़ा पत्नी की निधन के बाद काफी भावुक हो गए. केंद्रीय मंत्री और बेटे एच.डी. कुमारस्वामी ने अपनी मां के गिरते स्वास्थ्य को देखते हुए सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए थे.
पूर्व पीएम एचडी देवेगौड़ा अपनी पत्नी चेन्नम्मा के साथ.
बेंगलुरु: देश के पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा (85 वर्ष) का शनिवार को बेंगलुरु के मणिपाल अस्पताल में निधन हो गया. अस्पताल के सूत्रों के मुताबिक, चेन्नम्मा को सांस लेने में गंभीर परेशानी हो रही थी, जिसके बाद उन्हें भर्ती कराया गया था. विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही थी, लेकिन शनिवार शाम करीब 4 बजे दिल का दौरा (हार्ट अटैक) पड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ली.
चेन्नम्मा पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं और परिवार के सदस्य लगातार उनके साथ बने हुए थे. गुरुवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद पूर्व पीएम देवेगौड़ा अपने बेटे एच.डी. कुमारस्वामी और एच.डी. रेवन्ना के साथ अस्पताल पहुंचे थे. अपनी जीवनसंगिनी की गंभीर हालत देखकर 93 वर्षीय देवेगौड़ा बेहद भावुक हो गए थे. उन्होंने भारी मन से कहा था, ‘अब सब कुछ भगवान के हाथ में है.’ मां की गंभीर स्थिति को देखते हुए भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने अपने सभी सरकारी और राजनीतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए थे. वहीं, बड़े बेटे एच.डी. रेवन्ना और उनकी पत्नी भवानी रेवन्ना पूरी रात अस्पताल में ही मौजूद रहे.
पीएम मोदी ने भी जताया शोक
पीएम मोदी ने भी चेन्नमा की निधन पर शोक जताया. पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, ‘पूर्व प्रधानमंत्री श्री देवेगौड़ा जी की पत्नी श्रीमती चेन्नम्मा जी के निधन से गहरा दुख हुआ है. उन्हें उनके विनम्र स्वभाव और समाज सेवा के प्रति उनके समर्पण के लिए सराहा जाता था. दुख की इस घड़ी में, मेरी संवेदनाएं श्री देवेगौड़ा जी और उनके पूरे परिवार के साथ हैं. ओम शांति.’ पीएम मोदी का ये पोस्ट अंग्रेजी में था, इसके कुछ ही देर के बाद कन्नड़ भाषा में भी शोक संदेश पोस्ट किया.
Deeply pained by the passing of Smt. Chennamma Ji, wife of former Prime Minister Shri Deve Gowda Ji. She was admired for her humility and passion towards serving society. In this hour of grief, my thoughts are with Shri Deve Gowda Ji and his entire family. Om Shanti.