Last Updated:
Baidyanath Dham darshan rules: देवघर में इस बार राजकीय श्रावणी और भादो मेले के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम की दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. जिला प्रशासन ने पूरे मेले के दौरान VIP, VVIP और आउट ऑफ टर्न दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद करने का फैसला लिया है. रविवार और सोमवार को शीघ्र दर्शनम भी उपलब्ध नहीं होगा, जबकि मंगलवार से शुक्रवार तक यह सुविधा 600 रुपये शुल्क के साथ मिलेगी.
देवघर: अगर आप इस सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण करने की तैयारी कर रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है. इस बार जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है. सबसे अहम फैसला यह है कि पूरे राजकीय श्रावणी मेला और भादो मेला के दौरान वीआईपी, वीवीआईपी और आउट ऑफ टर्न दर्शन की सुविधा पूरी तरह बंद रहेगी. यानी अब किसी भी विशेष व्यक्ति को प्राथमिकता देकर दर्शन नहीं कराया जाएगा. प्रशासन का कहना है कि इससे आम श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी और सभी को समान अवसर के साथ बाबा के दर्शन का लाभ मिलेगा.
कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए
इस निर्णय पर सहमति बनाने के लिए बाबा मंदिर परिसर स्थित प्रशासनिक भवन में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. बैठक में बाबा मंदिर से जुड़े विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, पंडा धर्मरक्षणी सभा के पदाधिकारी, तीर्थ-पुरोहित समाज के सदस्य और प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए. सावन और भादो मेले में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. प्रशासन का उद्देश्य है कि बाबा नगरी आने वाला हर श्रद्धालु सुरक्षित, व्यवस्थित और सुखद अनुभव के साथ अपने घर लौटे.
शीघ्र दर्शनम की सुविधा भी पूरी तरह बंद
देवघर पंडा धर्मरक्षणी सभा के महामंत्री निर्मल झा ने बताया कि सावन में सबसे अधिक भीड़ रविवार और सोमवार को उमड़ती है. इसी कारण इन दोनों दिनों शीघ्र दर्शनम की सुविधा भी पूरी तरह बंद रहेगी. यानी रविवार और सोमवार को कोई भी श्रद्धालु शुल्क देकर जल्दी दर्शन नहीं कर सकेगा. सभी श्रद्धालुओं को सामान्य कतार से ही बाबा के दर्शन करने होंगे. प्रशासन का मानना है कि इससे भीड़ नियंत्रण आसान होगा और व्यवस्था अधिक पारदर्शी बनेगी.
दर्शन व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित
हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में शीघ्र दर्शनम की सुविधा जारी रहेगी. मंगलवार से शुक्रवार तक श्रद्धालु इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे. लेकिन इसकी फीस बढ़ा दी गई है. पहले शीघ्र दर्शनम कूपन के लिए 300 रुपये देने पड़ते थे. अब इसके लिए 600 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. प्रशासन का कहना है कि इसका उद्देश्य भीड़ को संतुलित रखना और दर्शन व्यवस्था को बेहतर ढंग से संचालित करना है.
श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था
इस बार कूपनधारक श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है. उनके लिए अलग से एक डेडिकेटेड रूट तैयार किया गया है. इससे सामान्य कतार और कूपनधारकों की आवाजाही अलग-अलग रहेगी. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक नया फुट ओवरब्रिज भी बनाया गया है. इससे भीड़ का दबाव कम होगा और मंदिर परिसर तक सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित होगी.
मंदिर परिसर की को लेकर व्यापक तैयारी
जिला प्रशासन का कहना है कि इस बार पूरा फोकस श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम जलार्पण पर रहेगा. भीड़ प्रबंधन, यातायात, सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और मंदिर परिसर की व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारी की गई है. प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें, धैर्य बनाए रखें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम का राजकीय श्रावणी मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…और पढ़ें