घाटशिला| राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर और सोना देवी विश्वविद्यालय, घाटशिला के बीच शनिवार को समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, कौशल विकास तथा उद्योग–शिक्षा सहयोग को नई दिशा देने की महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है। तीन वर्षों के लिए प्रभावी इस समझौते के तहत दोनों संस्थान संयुक्त अनुसंधान परियोजनाएं, फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम, सेमिनार, कार्यशालाएं, प्रशिक्षण, छात्र-शिक्षक विनिमय, समर इंटर्नशिप, औद्योगिक भ्रमण, प्लेसमेंट गतिविधियां, डिजिटल तकनीक, बौद्धिक संपदा अधिकार (आईपीआर) तथा गुणवत्ता सुधार से जुड़े कार्यक्रम संचालित करेंगे। विश्वविद्यालय की सहायक कुलसचिव अर्चना सिंह ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह सहयोग गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नवाचार को नई गति देगा। कुलसचिव डॉ. नीत नयना ने कहा कि एनआईटी जैसे राष्ट्रीय महत्व के संस्थान के साथ यह साझेदारी विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए नए अवसर खोलेगी। कुलाधिपति प्रभाकर सिंह ने इसे झारखंड के उच्च शिक्षा क्षेत्र में ऐतिहासिक कदमबताया । कार्यक्रम में एनआईटी के निदेशक प्रो. (डॉ.) गौतम सुत्रधार सहित दोनों संस्थानों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। धालभूमगढ़| धालभूमगढ़ प्रखंड के कोकपाड़ा-नरसिंहगढ़ ग्राम पंचायत में पेयजल की समस्या ना हो इसको लेकर मुखिया बिलासी सिंह ने बीडीओ को ज्ञापन सौंपा। सौंपे गए ज्ञापन में नरसिंहगढ़ के जलापूर्ति योजना का बोरिंग ध्वस्त होने की कगार पर है। बीडीओ को सौंपे गए ज्ञापन में मुखिया ने अवगत कराया है कि नरसिंहगढ़ जलापूर्ति योजना का पुराना बोरिंग वर्तमान में ध्वस्त होने की स्थिति में पहुंच चुका है। इसके कारण ग्रामीणों को नियमित रूप से पीने का पानी मिलने में भारी परेशानी हो सकती है। इसलिए समय रहते कोकमपाड़ा-नरसिंहगढ़ पंचायत भवन के सामने एक नया बोरिंग कराकर उसे पाइपलाइन से जोड़ने की मांग की गई है।
Source link