बोकारो | झारखंड मुक्ति मोर्चा बोकारो जिला समिति ने गुरुवार को जिला अध्यक्ष रतनलाल मांझी के नेतृत्व में जिला मुख्यालय के समक्ष केंद्र सरकार का पुतला दहन किया। प्रदर्शन दिल्ली में आंदोलनरत छात्र-छात्राओं पर हुए कथित पुलिस लाठीचार्ज और उत्पीड़न के विरोध में आयोजित किया गया। रतनलाल मांझी ने कहा कि अपने अधिकारों की मांग कर रहे छात्र-छात्राओं के साथ किया गया व्यवहार निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है और केंद्र सरकार को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। महानगर अध्यक्ष मंटू यादव ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्र और युवा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे,नीट 2026 परीक्षा में कथित गड़बड़ियों, सीबीएसई मार्किंग से जुड़े आरोपों तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। उनका आरोप है कि प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन है। कार्यक्रम में केंद्रीय सदस्य हीरालाल मांझी, अशोक मुर्मू, अखिलेश महतो, विजय रजवार, जिला सचिव मुकेश महतो, मोहन मुर्मू, हसन इमाम, पंकज जायसवाल, फैयाज आलम, मनोज हेंब्रम सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link