Last Updated:
मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के तीन से पांच जिलों के कुछ इलाकों में 28 से 31 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया.
मंडी के धर्मपुर में पारच्छु पुल के पास फंसी सीटीयू की बस.
शिमला. हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने तीन से पांच जिलों के कुछ इलाकों में 28 से 31 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया.
इससे पहले, शनिवार रात को मयाड़ घाटी के धोन्धल नाले में बादल फटने के कारण दोबारा अस्थाई पुल बह गया. लाहौल स्पीति कि विधायक अनुराधा राणा ने कहा कि सड़क को विभाग ने बहाल कर लिया गया है और समस्या आने पर मशीन निरंतर मौके पर तैनात है. साथ में एक झूले को भी स्थापित किया गया है.
अनुराधा ने कहा कि धोन्धल नाले में आज तक कई वर्षों से आठ से दस बार छोटे और बड़े पुल बह चुके हैं और इसका यह तात्पर्य नहीं है कि विभाग की ओर से कोई कार्य वहां नहीं किया गया हो. विभाग और हम दिन रात अपने कार्य में लगे हैं लेकिन बादल फटने एवं बाढ़ के कारण सारी मेहनत आए दिन पानी में बह जाती है. इस समस्या के ठोस हल के लिए भी हम निरंतर कार्य कर रहे हैं और एक बड़ा पुल फ्लाईओवर की तरह सरकार से स्वीकृत करवा लिया है तथा इसकी कागजी औपचारिकताएं प्रक्रिया में है और इसी वर्ष इसका कार्य हम शुरू करने जा रहे हैं, जिससे हमें उम्मीद है कि भविष्य में इस समस्या का स्थायी समाधान होगा.
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, भारी बारिश की वजह से हुए भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के कारण राज्य भर में 135 सड़कें बंद हैं. सबसे अधिक 54 सड़कें कुल्लू जिले में बंद हैं। इसके बाद मंडी में 43, शिमला में 15, चंबा में आठ, कांगड़ा और लाहौल-स्पीति में पांच-पांच, सिरमौर में चार और ऊना में एक सड़क बंद है.
एसईओसी के आंकड़ों के मुताबिक, खराब मौसम के कारण 38 पेयजल आपूर्ति योजनाएं और 44 बिजली ट्रांसफॉर्मर भी प्रभावित हुए हैं. राज्य में 30 जून को मानसून के आगमन के बाद से भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ की घटनाओं में अब तक 15 लोगों की मौत हो चुकी है.
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार शाम तक बीते 24 घंटे में राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सुंदरनगर में सबसे अधिक 65.2 मिलीमीटर बारिश हुई.
शिमला मौसम केंद्र ने एक अगस्त तक पूरे राज्य में बारिश का अनुमान जताया है। केंद्र ने 28 जुलाई को शिमला, सोलन, सिरमौर और मंडी जिलों के कुछ हिस्सों में; 29 जुलाई को ऊना, कांगड़ा और सिरमौर ज़िलों में और 30 जुलाई को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा और कांगड़ा जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है.आपदा प्रबंधन के अनुसार, इस मॉनसून सीजन में अब तक लैंडस्लाइड और फ्लैश फ्लड में 15 लोगों की मौत हुई है. उधर, मंडी जिले के धर्मपुर के पारच्छु के पुल के पास सड़क पर किचड़ से गाड़ियां फंस रही हैं और चढ़ाई चढ़ने में परेशानी पेश आ रही है.