![]()
भास्कर न्यूज | सिमडेगा जलडेगा प्रखंड की पांच महिलाओं ने अपने कौशल, आत्मविश्वास और सरकारी योजनाओं के सहयोग से प्रेमशे टेलर नामक सफल उद्यम स्थापित कर महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल कायम की है। रूपाली समद, अगास्टिन देवी, बंटी कुमारी, करूणा कुमारी और माधुरी कुमारी ने अगस्त 2025 में मुख्यमंत्री सारथी योजना (बिरसा) के अंतर्गत सेल्फ-एम्प्लॉयड टेलर ट्रेड में नामांकन कराया। प्रशिक्षण प्रदाता संस्था एकदन्ता एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा उन्हें तीन माह तक आधुनिक परिधान निर्माण, कपड़ों की कटिंग, पैटर्न मेकिंग, फिनिशिंग का प्रशिक्षण दिया गया। इन्होंने जलडेगा थाना चौक के समीप सामूहिक रूप से प्रेमशे टेलर नामक सिलाई प्रतिष्ठान की शुरुआत की। झारखण्ड मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से प्राप्त वित्तीय सहायता से इन्होंने सिलाई मशीनें, आवश्यक उपकरण, कच्चा माल तथा अन्य संसाधनों की खरीद की। अब “प्रेमशे टेलर” जलडेगा एवं आसपास के क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सिलाई सेवाओं का एक विश्वसनीय केंद्र बन चुका है। प्रतिष्ठान को प्रतिमाह औसतन 20 से 30 सिलाई ऑर्डर प्राप्त होते हैं, जिनमें कुर्ती, ब्लाउज, शर्ट, स्कर्ट एवं अन्य परिधानों की सिलाई शामिल है। गुणवत्तापूर्ण कार्य, समयबद्ध सेवा और ग्राहकों के प्रति समर्पित व्यवहार ने इस प्रतिष्ठान को स्थानीय स्तर पर एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। व्यवसाय से होने वाली नियमित आय ने पांचों महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया है, जिससे वेब अपने परिवार की आय में महत्वपूर्ण योगदान देने के साथ-साथ सामाजिक रूप से भी आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। जिससे इनके जीवन में खुशियों के साथ-साथ पैसे भी आ रहे हैं। जिलाप्रशासन कौशल विकास और रोजगार दोनों पर हो रहा कार्य बताया गया कि सिमडेगा जिला प्रशासन कौशल विकास को केवल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर उसे रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जोड़ने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है, जिसका एक उदाहरण इन महिलाओं की सफलता है।
Source link