भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

चाईबासा में रश्मि इलेक्ट्रॉनिक चोरी का खुलासा:44.64 लाख के सामान के साथ...




पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में स्थित रश्मि इलेक्ट्रॉनिक दुकान में हुई 44.64 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में साहेबगंज जिले के चार अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन, चोरी किए गए मोबाइलों की सूची, मोबाइल कवर और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। दुकान संचालक आशीष पाड़िया ने 25 जुलाई को चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उनकी शिकायत के आधार पर कांड संख्या 84/2026 दर्ज किया गया। आवेदन में बताया गया था कि 23-24 जुलाई की रात अज्ञात चोरों ने दुकान से लगभग 44.64 लाख रुपये के मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चुरा लिए थे। वेंटिलेटर को तोड़कर पेड़ के सहारे अंदर दाखिल हुए पुलिस जांच में पता चला कि चोर दुकान के पीछे स्थित वेंटिलेटर को तोड़कर पेड़ के सहारे अंदर दाखिल हुए थे। उन्होंने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। इसके बाद, शटर और ग्रिल का ताला तोड़कर बड़ी संख्या में नए मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चुराकर फरार हो गए। घटनास्थल से पुलिस को सब्बल, पेचकस, वायर कटर, प्लास और स्लाइड रेंच जैसे औजार भी मिले थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए, एसपी के निर्देश पर सहायक पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चक्रधरपुर डॉ. सैयद मुस्तफा हाशमी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने वैज्ञानिक साक्ष्यों, तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए साहेबगंज निवासी अलाउद्दीन शेख (46), उमर रजा उर्फ सबिर (34), महबूब आलम (26) और असराउल अली (33) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, चोरी किए गए मोबाइलों की सूची, लाल रंग की बाइक और रश्मि इलेक्ट्रॉनिक से चुराए गए आठ नए मोबाइल कवर बरामद किए हैं। पुलिस अब चोरी हुए शेष सामान की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top