Last Updated:
EPFO Settlement : कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ने अपना पोर्टल पूरी तरह अपडेट कर लिया है और अब तक 90 फीसदी से ज्यादा पेंडिंग केस को निपटाया भी जा चुका है. ईपीएफओ के सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर ने बताया है कि आगे जो भी क्लेम किया जाएगा, उसका निपटारा 2 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा.
पीएफ खाते से पैसे निकालना अब काफी आसान हो जाएगा.
नई दिल्ली. वह दिन अब लद चुके हैं जब पीएफ खाते से पैसे निकलाने के लिए आपको दफ्तर के चक्कर काटने पड़ते थे और अपना ही पैसा पाने के लिए कई हफ्ते का इंतजार करना पड़ता था. कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के सेंट्रल प्रोविडेंट फंड कमिश्नर (CPFC) रमेश कृष्णमूर्ति ने दावा किया है कि ईपीएफओ ने क्लेम सेटलमेंट का लगभग सारा बकाया काम निपटा लिया है. आगे से पीएफ सदस्यों की ओर से किए गए ज्यादातर क्लेम उसी दिन या दो दिनों के अंदर निपटा दिए जाएंगे.
कृष्णमूर्ति ने कहा कि हमने क्लेम सेटलमेंट का लगभग सारा बकाया काम पूरा कर लिया है. नए सिस्टम में, हम देख रहे हैं कि 90 फीसदी तक क्लेम ऑटोसेटल हो रहे हैं. हमें उम्मीद है कि सदस्यों द्वारा किए गए ज्यादातर क्लेम या तो उसी दिन या अधिकतम दो दिनों के भीतर सेटल हो जाएंगे. इसका मतलब है कि अब पीएफ से पैसे निकालना म्यूचुअल फंड से भी कहीं ज्यादा आसान हो गया है.
ईपीएफओ के सुधार से कामकाज आसान
कृष्णमूर्ति ने फिक्की के एक कार्यक्रम में कहा कि EPFO की नई रोजगार योजनाएं और चल रहे सुधार, नियोक्ताओं के लिए नियमों का पालन आसान बनाने के साथ-साथ सदस्यों को विश्व स्तरीय सेवाएं देने पर केंद्रित हैं. संगठन अब नियमों के पालन से जुड़े सुधारों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है, ताकि नियोक्ताओं के लिए कामकाज आसान हो सके और नियोक्ताओं व कर्मचारियों दोनों के लिए एक भरोसेमंद सामाजिक सुरक्षा संस्थान के तौर पर विश्वास मजबूत हो सके.
कर्मचारी और नियोक्ता में दोनों जगा भरोसा
उन्होंने कहा कि मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि EPFO की नई रोजगार योजनाओं और सुधारों का मकसद सदस्यों को दुनिया की सबसे अच्छी सेवाएं देना है. मैंने सभी एम्प्लॉयर्स को यह भरोसा भी दिलाया है कि अब हम नियमों के पालन से जुड़े सुधारों पर ध्यान देंगे. उम्मीद है कि हम एम्प्लॉयर्स और EPFO के बीच कामकाज के तरीकों को और आसान बना सकेंगे. इन सभी सुधारों से कर्मचारियों और एम्प्लॉयर्स का भरोसा बढ़ेगा. वे EPFO को अपनी सोशल सिक्योरिटी और रिटायरमेंट की योजना के लिए भरोसेमंद साथी के तौर पर देख सकेंगे.
भीम ऐप से होगा भुगतान
कृष्णमूर्ति ने कहा कि EPFO ने भीम ऐप के जरिये प्रोविडेंट फंड क्लेम सेटलमेंट की सुविधा शुरू करेगा. इससे क्लेम की रकम सीधे सदस्यों के UPI-लिंक्ड बैंक अकाउंट में जमा हो सकेगी. उम्मीद है कि यह सिस्टम लगभग एक महीने में लागू हो जाएगा. जैसा कि हमारे मंत्री ने कहा है कि हम BHIM ऐप के जरिये क्लेम सेटलमेंट की प्रक्रिया शुरू करेंगे और क्लेम का निपटारा UPI-लिंक्ड बैंक अकाउंट में किया जाएगा. यह सिस्टम भी ज्यादा से ज्यादा एक महीने में लागू हो जाएगा.
डिलीवरी ब्वॉय को भी मिलेगी सुरक्षा
गिग और प्लेटफॉर्म वर्कर्स को सोशल सिक्योरिटी के दायरे में लाने के बारे में कृष्णमूर्ति ने कहा कि सरकार के नए सामाजिक सुरक्षा बिल में गिग और प्लेटफ़ॉर्म वर्कर्स और दूसरे असंगठित क्षेत्र के वर्कर्स के लिए एक खास स्कीम लाने का प्रावधान है. इसका फायदा डिलीवरी ब्वॉय के साथ दिहाड़ी मजदूरों को भी मिलेगा. उन्होंने कहा कि जब सरकार इस स्कीम की घोषणा कर देगी, तो वह इसे लागू करने वाली एजेंसी के बारे में भी बताएगी. सोशल सिक्योरिटी कोड के तहत, सरकार के लिए गिग और प्लेटफ़ॉर्म वर्कर्स और दूसरे असंगठित क्षेत्र के वर्कर्स के लिए एक स्कीम लाने का प्रावधान है.
ब्याज बढ़ाने पर क्या दिया संकेत
कृष्णमूर्ति ने कहा कि ईपीएफओ की ब्याज दरें बढ़ाने को लेकर अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी. मौजूदा ब्याज दर 8.25 फीसदी है. फिलहाल, हमने ब्याज जमा कर दिया है और यह EPFO के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है. एक ही बार में, 3 जुलाई तक 34 करोड़ से ज्यादा मेंबर्स के अकाउंट्स में ब्याज जमा किया गया और हमने 8.25 फीसदी की दर से लगभग 1.44 लाख करोड़ रुपये ब्याज के तौर पर ट्रांसफर किए. मुझे लगता है कि यह एक बहुत बड़ी बात है.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…
और पढ़ें