अंबाला: सावन का महीना भगवान शिव की भक्ति का सबसे पावन समय माना जाता है. दरअसल, मान्यता है कि इस पूरे महीने में सच्चे मन से की गई शिव आराधना भक्तों के जीवन की अनेक बाधाओं को दूर कर सकती है. खासतौर पर सावन का पहला सोमवार धार्मिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है, यही वजह है कि इस दिन देशभर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग जाती हैं. मान्यता है कि यदि इस दिन विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन कर कुछ विशेष उपाय किए जाएं तो नौकरी में आ रही रुकावटें दूर होने के साथ-साथ प्रमोशन और आर्थिक उन्नति के नए रास्ते भी खुल सकते हैं.
सावन के पहले सोमवार जलाभिषेक का महत्व
बता दें कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सावन के पहले सोमवार को शिवलिंग का जलाभिषेक विशेष फलदायी माना गया है. क्योंकि माना जाता है कि यदि शुद्ध जल में थोड़ा कच्चा दूध मिलाकर भगवान शिव का अभिषेक किया जाए तो व्यक्ति के जीवन में आ रही नकारात्मकता दूर होती है और कार्यक्षेत्र में सफलता के योग बनने लगते हैं. जिन लोगों की नौकरी में बार-बार बाधाएं आती हैं या प्रमोशन लंबे समय से अटका हुआ है, उनके लिए यह उपाय विशेष रूप से शुभ माना जाता है.
ज्योतिषाचार्य ने बताए विशेष उपाय
वहीं, इस बारे में लोकल 18 को ज्यादा जानकारी देते हुए अंबाला के ज्योतिषाचार्य पंडित दीपलाल जयपुरी बताते हैं कि सावन का पहला सोमवार भगवान शिव की कृपा प्राप्त करने का श्रेष्ठ अवसर होता है. उनके अनुसार, इस दिन श्रद्धा और विश्वास के साथ किए गए उपाय व्यक्ति के आत्मविश्वास को मजबूत करते हैं और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं. उनका कहना है कि पूजा केवल कर्मकांड नहीं, बल्कि मन की एकाग्रता और ईश्वर के प्रति समर्पण का माध्यम है, जिसका सकारात्मक प्रभाव व्यक्ति के जीवन और कार्यक्षेत्र दोनों पर दिखाई देता है.
शिवलिंग पर चंदन का तिलक लगाने की मान्यता
उन्होंने कहा कि भगवान शिव को चंदन अत्यंत प्रिय माना गया है. धार्मिक मान्यता है कि पहले सोमवार के दिन शिवलिंग पर चंदन का तिलक लगाने के बाद उसी चंदन का तिलक अपने माथे पर लगाने से भोलेनाथ का विशेष आशीर्वाद प्राप्त होता है. कहा जाता है कि यह उपाय मन को शांति प्रदान करता है, आत्मबल बढ़ाता है और रुके हुए कार्यों में गति लाने का प्रतीक माना जाता है. उन्होंने बताया कि कई श्रद्धालु इसे करियर में उन्नति और नई संभावनाओं से भी जोड़कर देखते हैं.
21 बेलपत्र अर्पित करने का विशेष महत्व
उन्होंने कहा कि इसी तरह शिवलिंग पर 21 बेलपत्र अर्पित करने का भी विशेष महत्व बताया गया है. मान्यता है कि बेलपत्र चढ़ाते समय भगवान शिव से अपनी मनोकामना प्रार्थना स्वरूप कहने और पंचाक्षरी मंत्र ‘ॐ नमः शिवाय’ का श्रद्धापूर्वक जाप करने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है.
नौकरी और कारोबार में मिल सकती है सफलता
धार्मिक विश्वास है कि इससे नौकरी, व्यवसाय और आर्थिक जीवन में आ रही बाधाएं दूर होने के साथ नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं. उनका मानना है कि सावन के पहले सोमवार का महत्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आत्मविश्वास, संयम और सकारात्मक सोच के साथ नई शुरुआत करने का भी संदेश देता है. उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं का विश्वास है कि भगवान शिव की कृपा से जीवन की कठिन परिस्थितियां आसान हो सकती हैं और सफलता के नए द्वार खुल सकते हैं. हालांकि, इन उपायों का आधार धार्मिक आस्था और मान्यताएं हैं, इसलिए इन्हें उसी दृष्टि से अपनाना चाहिए.