भास्कर न्यूज |गढ़वा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गढ़वा इकाई ने शुक्रवार को श्री सतगुरु जगजीत सिंह नामधारी महाविद्यालय परिसर में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की सीबीआई जांच और झारखंड के विश्वविद्यालयों व महाविद्यालयों में वर्षों से रिक्त तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों पर शीघ्र बहाली की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। अभियान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लेकर हस्ताक्षर किए और राज्य सरकार से युवाओं के भविष्य के साथ न्याय करने की मांग उठाई। अभाविप के राज्य विश्वविद्यालय कार्य संयोजक मंजुल शुक्ल ने कहा कि झारखंड का युवा लंबे समय से निष्पक्ष और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की प्रतीक्षा कर रहा है, लेकिन जेपीएससी और जेएसएससी जैसी महत्वपूर्ण भर्ती परीक्षाओं से जुड़े कथित विवादों एवं अनियमितताओं ने लाखों अभ्यर्थियों का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराई जानी चाहिए, ताकि दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई हो सके। दोषियों को सजा दिए बिना युवाओं के साथ न्याय संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के हजारों पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं। इसके कारण शैक्षणिक संस्थानों का प्रशासनिक ढांचा प्रभावित हो रहा है और विद्यार्थियों को नामांकन, परीक्षा, प्रमाण-पत्र, छात्रवृत्ति सहित कई आवश्यक कार्यों में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से सभी रिक्त पदों पर नियमित और पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने की मांग की। अभाविप के पलामू विभाग संयोजक प्रिंस सिंह ने कहा कि विद्यार्थी परिषद हमेशा छात्र हित और युवा रोजगार के मुद्दों को प्रमुखता से उठाती रही है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों में कर्मचारियों की भारी कमी के कारण शैक्षणिक और प्रशासनिक दोनों व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं, जिसका सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और संस्थानों की कार्यक्षमता पर पड़ रहा है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह हस्ताक्षर अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं की भावनाओं और आकांक्षाओं की अभिव्यक्ति है। अभियान के दौरान एकत्रित हस्ताक्षरों को राज्य सरकार एवं संबंधित अधिकारियों को सौंपा जाएगा। यदि सरकार जल्द सकारात्मक पहल नहीं करती है तो अभाविप राज्यव्यापी जनजागरण अभियान चलाते हुए चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। अभियान में जिला संयोजक राजा यादव, एनपीयू के पूर्व सीनेट सदस्य अविनाश पासवान, आनंद कुमार, अंकित सिंह, अखिल प्रजापति, आकाश कुमार, रुचि कुमारी, संजना कुमारी सहित विद्यार्थी व अभाविप कार्यकर्ता मौजूद थे। हस्ताक्षर अभियान में शामिल अभाविप कार्यकर्ता।
Source link