Last Updated:
Hamim Mandal girlfriend: झारखंड के साहिबगंज जिले से पश्चिम बंगाल पुलिस की STF ने संदिग्ध आतंकवादी हमीम मंडल से जुड़े मामले में उसकी कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार (22) को गिरफ्तार किया है. अर्पिता पर हमीम मंडल से जुड़े संदिग्ध मॉड्यूल के संपर्क में रहने का आरोप है. उसे बर्दवान थाना में दर्ज मामले के तहत गिरफ्तार किया गया है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित कड़ियों की जांच करेगी.
साहिबगंज में STF का बड़ा ऑपरेशन
साहिबगंज: पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने संदिग्ध आतंकवादी हमीम मंडल से जुड़े मामले में एक बड़ी कार्रवाई की है. टीम ने झारखंड के साहिबगंज जिले से हमीम मंडल की कथित गर्लफ्रेंड अर्पिता सरकार (22) को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई बरहरवा थाना क्षेत्र के बेबतपुर ग्वालखोर गांव में की गई. गिरफ्तारी के बाद STF की टीम अर्पिता सरकार को अपने साथ पश्चिम बंगाल ले गई.
संदिग्ध मॉड्यूल के संपर्क में थी
STF के अनुसार, अर्पिता सरकार पर आरोप है कि वह हमीम मंडल से जुड़े संदिग्ध मॉड्यूल के संपर्क में थी. इसी मामले में बर्दवान थाना में दर्ज कांड संख्या 1096/26 के तहत उसकी गिरफ्तारी की गई है. अधिकारियों का कहना है कि शनिवार को उसे बर्दवान पुलिस स्टेशन लाया जाएगा.वहां कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अदालत में पेश किया जाएगा. साथ ही आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड की मांग भी की जाएगी.
अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी
जांच एजेंसियों का मानना है कि अर्पिता सरकार की गिरफ्तारी इस पूरे मामले में एक अहम कड़ी साबित हो सकती है. अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसकी भूमिका क्या थी. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि उसका इस कथित नेटवर्क के अन्य लोगों से किसी तरह का संपर्क था या नहीं.
आतंकी गतिविधियों के मामले
बता दें कि, इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस हमीम मंडल को भी गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस के मुताबिक, उसे पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले के रेनेसां हाउसिंग इलाके से पकड़ा गया था. जांच एजेंसियों का आरोप है कि हमीम मंडल का संबंध जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क से था. साथ ही उसके कुछ ऐसे लोगों से संपर्क होने की भी जांच की जा रही है, जिनका नाम पहले आतंकी गतिविधियों के मामलों में सामने आ चुका है.
कई अहम सुराग मिले
STF का कहना है कि हमीम मंडल के खिलाफ राज्य में एक कथित साजिश की जांच चल रही है. इसी जांच के दौरान उसके संपर्क में आए लोगों की पहचान की जा रही है. पुलिस का दावा है कि इस सिलसिले में कई अहम सुराग मिले हैं. इन्हीं तथ्यों के आधार पर अर्पिता सरकार को हिरासत में लिया गया है.
अर्पिता सरकार से पूछताछ
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां अर्पिता सरकार से पूछताछ की तैयारी कर रही हैं. जांच के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि उसे हमीम मंडल की गतिविधियों की कितनी जानकारी थी. साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि वह किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल थी या नहीं. इन आरोपों की जांच अभी जारी है और अदालत में इनका परीक्षण होना बाकी है.अधिकारियों के अनुसार, जांच अभी शुरुआती चरण में है. पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
About the Author
न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…
और पढ़ें