Last Updated:
दिल्ली में रैपिडो ड्राइवर पर महिला यात्री के सामने पॉर्न देखने का वीडियो सामने आते ही बवाल हो गया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में असम मूल की दिल्ली में रहने वाली रिसर्चर ने अपने साथ हुए हादसे का वीडियो डाला जो वायरल हो गया. वीडियो वायरल होने के बाद रैपिडो ने ड्राइवर को प्लेटफॉर्म से स्थाई रूप से हटा दिया है.
ऑटो में पीछे बैठी थी महिला, पॉर्न देख रहा था रैपिडो ड्राइवर… वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई कंपनी
दिल्ली में रैपिडो राइड के दौरान हुई इस घटना ने महिलाओं की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़ा कर दिया है. रैपिडो एप के माध्यम से ऑटो लेकर घर जा रही असम मूल की दिल्ली स्थित रिसर्चर और कंटेंट क्रिएटर सुकन्या दत्ता ने ड्राइवर पर रास्ते में पॉर्न देखने का आरोप लगाया. दत्ता ने इंस्टाग्राम पोस्ट में वीडियो साझा कर बताया कि उनकी राइड के दौरान न केवल ऑटो ड्राइवर ने पोर्नोग्राफी देखी बल्कि वह खुद को अश्लील तरीके से छू रहा था और जोर-जोर से सांस ले रहा था.
सुकन्या दत्ता ने अपने पोस्ट में बताया कि उन्होंने सोमवार को रात करीब 8:48 बजे सफदरजंग से मॉडल टाउन तक के लिए रैपिडो ऑटो राइड बुक की. वह आराम से बैठकर जा रही थीं और उनके ड्राइवर का मोबाइल फोन चल रहा था, हालांकि उन्होंने उस पर ध्यान नहीं दिया लेकिन एक ट्रैफिक सिग्नल पर जब ऑटो रुका तो पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल सवार महिला ने उनका ध्यान खींचा और बताया कि ऑटो ड्राइवर अपने मोबाइल पर अश्लील कंटेंट देख रहा है. महिला के इतना बोलते ही ड्राइवर ने फोन छिपा लिया.
सुकन्या ने बताया कि इसके बाद उन्होंने देखा कि ड्राइवर जोर-जोर से सांस ले रहा था खुद को बहुत अश्लील तरीके से छू रहा था. हालांकि उनका घर करीब 30 मिनट की दूरी पर था, लिहाजा उन्होंने ड्राइवर से कुछ भी कहना ठीक नहीं समझा और वे चुपचाप बैठी रहीं. जब वे अपनी मंजिल पर पहुंचीं तो उन्होंने ड्राइवर से इस संबंध में सवाल किया. तब ड्राइवर ने स्वीकार किया कि वह विदेशी महिलाओं के छोटे कपड़ों वाले वीडियो” देख रहा था.
सुकन्या ने आरोप लगाया कि उस आधे घंटे के दौरान उन्होंने रैपिडो की आपातकालीन सपोर्ट टीम को सूचना दी और मदद की गुहार भी लगाई लेकिन वहां से कोई संपर्क नहीं किया गया और न ही किसी ने मदद की.
लोगों ने कहा, बैठी क्यों रहीं?
हालांकि सुकन्या के वीडियो पर लोगों ने सवाल किया कि जब ड्राइवर की हरकत ऐसी थी तो वह ऑटो में बैठी क्यों रहीं और उन्होंने तुरंत ऑटो क्यों नहीं छोड़ा, इस पर सुकन्या ने स्पष्ट किया कि ज्यादातर रास्ता हाईवे जैसा था और इलाका उनके लिए अनजान था. अकेले सफर में ड्राइवर से टकराव या बीच में उतरना सुरक्षित नहीं लगा. इसलिए उन्होंने भीड़-भाड़ वाली और जान-पहचान वाली जगह पहुंचने तक ऑटो में ही रहने का फैसला किया. राइड के दौरान उन्होंने रैपिडो की सेफ्टी सपोर्ट टीम से संपर्क किया और बताया कि वे असुरक्षित महसूस कर रही हैं और ड्राइवर पॉर्न देख रहा है.
वीडियो वायरल होने के बाद कंपनी ने उठाया ये कदम
सोशल मीडिया पर दत्ता की पोस्ट वायरल होने के बाद रैपिडो ने जवाब दिया और सख्त कदम भी उठाया. कंपनी ने माफी मांगी और कहा कि घटना बेहद चिंताजनक है. रैपिडो ने स्पष्ट किया कि कस्टमर सेफ्टी उनकी प्राथमिकता है और कैप्टन के किसी भी असुरक्षित या अनुचित व्यवहार के प्रति जीरो-टॉलरेंस पॉलिसी है. बाद में कंपनी ने एक और अपडेट जारी कर बताया कि संबंधित कैप्टन को विस्तृत समीक्षा के बाद प्लेटफॉर्म से स्थायी रूप से हटा दिया गया है. साथ ही सेफ्टी संबंधी सहायता प्रक्रिया की समीक्षा कर सुधार का आश्वासन दिया.
सोशल मीडिया पर आई मिली-जुली प्रतिक्रिया
महिला के साथ हुई इस घटना पर सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. कई यूजर्स ने यात्री सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और रैपिडो की सेफ्टी टीम पर सवाल उठाए. कुछ ने बैकग्राउंड वेरिफिकेशन की कमी का जिक्र किया. वहीं कुछ यूजर्स ने यह भी कहा कि ड्राइवर अपना फोन देख रहा था तो इसमें यात्री को आपत्ति क्यों हुई. कई लोगों ने सार्वजनिक स्थान पर ऐसी हरकत को गलत बताया और महिलाओं की सुरक्षा पर जोर दिया. कुछ यूजर्स ने कंपनी के सपोर्ट सिस्टम को कमजोर करार दिया है. हालांकि इस घटना से सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं, जिनका समाधान होना जरूरी है.
About the Author
Priya Gautam is an accomplished journalist currently working with Hindi.News18.com with over 14 years of extensive field reporting experience. Previously worked with Hindustan times group (Hindustan Hindi) and …
और पढ़ें