Last Updated:
बोकारो में शिक्षा विभाग का बड़ा घोटाला सामने आया है. यहां मृत शिक्षक के नाम पर 14.65 लाख रुपये की फर्जी निकासी हुई. बिलिंग इंचार्ज शिक्षक मुकेश कुमार ने तीन फर्जी बिल बनाकर राशि अपने खाते में डाली. आरोपी को निलंबित कर दिया गया है. वहीं, बीईईओ सह डीडीओ प्रतिमा दास की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं.
बोकारो स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय सदमाकला की तस्वीर
बोकारो/मृत्युंजय कुमारः झारखंड के बोकारो जिले में शिक्षा विभाग का एक बड़ा घोटाला सामने आया है. यहां एक मृत शिक्षक के नाम पर 14.65 लाख रुपये की कथित फर्जी निकासी की गई है. इस मामले के सामने आने के बाद पूरे विभाग में हड़कंप मच गया है.
मृत शिक्षक के नाम पर 14.65 लाख की निकासी
जांच में पता चला है कि आरोपी बिलिंग इंचार्ज शिक्षक मुकेश कुमार ने इस धांधली को अंजाम दिया. उन्होंने मृत शिक्षक संतोष कुमार शर्मा के नाम पर एक ही दावे से तीन अलग-अलग फर्जी बिल तैयार किए. इसके बाद कुल 14.65 लाख रुपये की राशि सीधे अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर ली. यह निकासी 5.16 लाख, 4.31 लाख और 5.17 लाख रुपये की तीन किस्तों में की गई.
दरअसल यह पूरा पैसा मृत शिक्षक की पत्नी को मिलने वाले वेतन वृद्धि के लाभ का था. मामला उजागर होते ही विभाग ने आरोपी बिलिंग इंचार्ज शिक्षक मुकेश कुमार को तुरंत निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है. कार्रवाई के डर से आरोपी शिक्षक ने फर्जी तरीके से निकाली गई पूरी 14.65 लाख रुपये की राशि वापस जमा कर दी है.
डीडीओ प्रतिमा दास की भूमिका पर सवाल
इस बड़े घोटाले में बीईईओ सह डीडीओ प्रतिमा दास की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने किस आधार पर बिलों को प्रमाणित किया, इसकी जांच की जा रही है. एक ही दावे से तीन-तीन बिल बनाकर भुगतान कैसे पास हो गया. यह जांच का सबसे बड़ा बिंदु है. फिलहाल बीईईओ पर कोई कार्रवाई नहीं होने से सवाल खड़े हो रहे हैं. माना जा रहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद इस फर्जीवाड़े में और भी कई बड़े खुलासे हो सकते हैं.
About the Author
प्रसून सिंह को मीडिया में 7 साल काम करने का अनुभव है. खबरों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रोचक अंजाद में पेश करना खासियत है. दैनिक भास्कर अखबार में इंटर्नशिप के साथ करियर की शुरुआत हुई.
इसके बाद ETV Bharat (बिहार)…
और पढ़ें