Last Updated:
JPSC-JSSC Protest Live: रांची के ‘जंतर-मंतर’ कहे जा रहे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आज छात्रों के आंदोलन का 16वां दिन है. दोपहर 12 बजे सरकार और छात्रों के बीच तीसरे राउंड की बातचीत होगी. शनिवार को दो राउंड हु…और पढ़ें

रांची में छात्रों का प्रदर्शन.
Ranchi Protest LIVE: झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आंदोलन 16वें दिन भी जारी है. शनिवार को सरकार और कई छात्र संगठनों के बीच दूसरे दौर की बातचीत हुई. इससे पहले सरकार ने छात्रों से परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों से जुड़े दस्तावेज और साक्ष्य मांगे थे. छात्रों की ओर से सिर्फ 14वीं JPSC ही नहीं, बल्कि JSSC CGL और अन्य परीक्षाओं में कथित कदाचार से जुड़े साक्ष्य भी ईमेल के जरिए सरकार को उपलब्ध कराए गए. इसके बाद मुख्यमंत्री आवास में मंत्रियों और अधिकारियों की बैठक हुई. बैठक में डेलिगेट्स से जुड़े चार मंत्री और वित्त सचिव प्रशांत कुमार भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री के साथ मंत्रियों की बैठक में छात्र संगठनों के साथ हुई बातचीत और उनके दिए गए साक्ष्यों की जानकारी साझा की गई. अब रविवार दोपहर 12 बजे छात्रों के प्रतिनिधिमंडल के साथ सरकार की फिर बातचीत होगी. छात्रों का कहना है कि अगर बातचीत से समाधान नहीं निकला तो विधानसभा मार्च किया जाएगा. इसके लिए पूरे राज्य से छात्रों को जुटने का आह्वान किया गया है. आंदोलन के बीच नेहा बोरा पर स्याही फेंकने के मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई की है. धुर्वा थाने में दर्ज FIR के बाद आरोपी अमरनाथ पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया. वहीं, आंदोलन के समर्थन में अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा भी रांची पहुंचे. उन्होंने कहा कि छात्रों के इंटरव्यू देखकर उनकी तकलीफ और आंखों में आंसू देखे, जिसके बाद उन्होंने आंदोलन का समर्थन करने का फैसला किया. पीयूष मिश्रा ने यह भी बताया कि अपनी क्षमता के अनुसार छात्रों के लिए खाने-पीने की चीजें, तिरपाल और आर्थिक मदद भी उपलब्ध कराई गई है.
JPSC-JSSC Protest Live: नवीन जायसवाल बोले- अलग-अलग गुटों से बातचीत कर आंदोलन को कमजोर कर रही सरकार
JPSC-JSSC Protest Live: रांची में छात्रों के आंदोलन को लेकर बीजेपी विधायक नवीन जायसवाल ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अलग-अलग छात्र गुटों को बुलाकर बातचीत कर रही है और ऐसे लोगों से भी वार्ता कर रही है, जिनका आंदोलन से कोई लेना-देना नहीं रहा. नवीन जायसवाल ने कहा कि सरकार छात्र आंदोलन को गुटों में बांटकर कमजोर करना चाहती है. उनका आरोप है कि सरकार आंदोलन को उलझाने, लटकाने और लंबा खींचने की कोशिश कर रही है, ताकि धीरे-धीरे छात्रों का आंदोलन कमजोर पड़ जाए.
JPSC-JSSC Protest Live:संजय सेठ का हेमंत सरकार पर हमला-‘नीयत सही होती तो 24 घंटे में छात्रों से बात करते’
JPSC-JSSC Protest Live: रांची में छात्रों के आंदोलन को लेकर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने झारखंड सरकार पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की नीयत ठीक नहीं है और उसके दो चेहरे दिखाई दे रहे हैं. संजय सेठ ने कहा कि भारी बारिश के बीच छात्रों के आंदोलन को 16 दिन हो चुके हैं, लेकिन मुख्यमंत्री ने 24 घंटे के भीतर छात्रों से बातचीत नहीं की. उन्होंने सरकार पर छात्रों के बीच ‘डिवाइड एंड रूल’ की राजनीति करने का आरोप लगाया. संजय सेठ ने कहा कि छात्रों की प्रमुख मांग CBI जांच की है और सरकार को आखिर उनकी मांग मानने में आपत्ति क्या है. उन्होंने JPSC परीक्षा में कथित भ्रष्टाचार को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि राहुल गांधी को झारखंड में छात्रों के समर्थन में आगे आना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास पर धरना दे सकते हैं, तो उन्हें मुख्यमंत्री आवास पर भी छात्रों के मुद्दे को लेकर धरना देना चाहिए.
JPSC-JSSC Protest Live: बीजेपी नेता बोले- सरकार को छात्रों की बात माननी चाहिए…
JPSC-JSSC Protest Live: रांची में छात्रों के आंदोलन को लेकर आज सरकार दूसरे दौर की वार्ता करेगी. इस बीच बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार से छात्रों की मांगों पर हठधर्मिता नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगें माननी चाहिए. राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए आदित्य साहू ने कहा कि वह मोबाइल के जरिए बच्चों से बात कर रहे हैं, जबकि उन्हें रांची आकर छात्रों से मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को छात्रों पर दबाव बनाने के बजाय सरकार पर दबाव बनाना चाहिए और सरकार से CBI जांच कराने की मांग करनी चाहिए. अगर सरकार CBI जांच नहीं कराती है तो राहुल गांधी को सरकार से समर्थन वापस लेने की बात कहनी चाहिए.
JPSC-JSSC Protest Live: छात्रों की मांग हो सकती है पूरी, सरकार बना सकती है सुनवाई के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट
JPSC-JSSC Protest Live: रांची में छात्र आंदोलन को लेकर बड़ा अपडेट है. सूत्रों के मुताबिक, हेमंत सरकार आज बड़ा फैसला ले सकती है. आज दोपहर 12 बजे छात्रों के साथ बैठक बुलाई गई. 14वीं जेपीएससी परीक्षा रद्द हो सकती है. सरकार जांच के लिए कमेटी बना सकती है. छात्रों की मांग को देखते हुए सरकार फास्ट ट्रैक कोर्ट सुनवाई के लिए बना सकती है. 10 अगस्त को छात्रों का विधानसभा घेराव है. उससे पहले सकारात्मक बात से सरकार हल निकालना चाहती है.
JPSC-JSSC Protest Live: छात्रों की मांग-14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द हो
JPSC-JSSC Protest Live: आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में 14वीं JPSC प्रारंभिक परीक्षा रद्द करना, JPSC और JSSC की परीक्षाओं में कथित पेपर लीक व अन्य अनियमितताओं की स्वतंत्र जांच कराना और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करना शामिल है. छात्र इस मामले की जांच CBI या राज्य से बाहर के सेवानिवृत्त हाईकोर्ट के न्यायाधीशों की समिति से कराने की मांग कर रहे हैं. इसके साथ ही छात्रों की मांग है कि भर्ती परीक्षाओं का नियमित कैलेंडर जारी किया जाए और पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए.
JPSC-JSSC Protest Live: फेमस विधायक जयराम महतो छात्रों के समर्थन में कर रहे एक दिन का अनशन
JPSC-JSSC Protest Live: आंदोलन को राजनीतिक समर्थन भी मिलने लगा है. JLKM प्रमुख और विधायक जयराम महतो ने छात्रों के समर्थन में आज 9 अगस्त को पुराने विधानसभा परिसर में सुबह छह बजे से एक दिवसीय निर्जला अनशन करने का ऐलान किया है. हालांकि आंदोलनकारी छात्र लगातार यह कहते रहे हैं कि आंदोलन का मूल मुद्दा भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अभ्यर्थियों के भविष्य से जुड़ा है.
JPSC-JSSC Protest Live: आज दोपहर 12 बजे होगी बातचीत
JPSC-JSSC Protest Live: रांची में हो रहे प्रोटेस्ट में सबकी नजर आज होने वाली तीसरे दौर की बातचीत पर टिकी हैं. सरकार के सामने जहां आंदोलन को खत्म कराने और छात्रों की प्रमुख मांगों पर भरोसा कायम करने की चुनौती है. वहीं छात्रों का कहना है कि केवल आश्वासन से आंदोलन खत्म नहीं होगा. ऐसे में आज की वार्ता में यदि किसी ठोस फैसले या लिखित आश्वासन पर सहमति बनती है तो रांची में जारी गतिरोध खत्म होने की उम्मीद बढ़ सकती है.