![]()
कोडरमा के जयनगर थाना क्षेत्र के सरमाटांड निवासी सदानंद यादव ने फेसबुक पर लाइव वीडियो करते हुए फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। हालांकि परिवार के सदस्यों की तत्परता से उसकी जान बच गई। परिजनों ने समय रहते दरवाजा तोड़कर उसे फंदे से नीचे उतारा और तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी अस्पताल पहुंची और सदानंद का हालचाल जाना। बताया जा रहा है कि सदानंद पिछले करीब एक वर्ष से पारिवारिक विवाद को लेकर परेशान था। उसने फेसबुक लाइव के दौरान अपने भाई परमानंद यादव पर लगातार परेशान करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया। उसने कहा कि पैतृक घर के बंटवारे को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद चल रहा है। मुखिया से भी कर चुका था शिकायत सदानंद ने लाइव वीडियो में बताया कि पैतृक घर के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ विवाद धीरे-धीरे गंभीर होता गया। उसका आरोप था कि कुछ बाहरी लोग मामले में हस्तक्षेप कर उसके भाई को उसके खिलाफ भड़का रहे थे। इससे परिवार में लगातार कलह की स्थिति बनी हुई थी। युवक के अनुसार, वह इस समस्या को लेकर पिछले एक साल से परेशान था। उसने कई बार गांव के मुखिया से भी मामले की शिकायत कर समाधान कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद का कोई हल नहीं निकल सका। सदानंद ने कहा कि विवाद के बाद गांव और समाज के लोग भी उसी पर दोषारोपण कर रहे थे। इससे वह मानसिक रूप से बेहद परेशान हो गया था। उसे लगने लगा था कि अब उसके लिए जीने का कोई रास्ता नहीं बचा है। फंदे में झूलते ही परिजनों ने तोड़ा दरवाजा फेसबुक लाइव के दौरान सदानंद अपने कमरे में गया। पंखे से फंदा बनाकर उसे गले में बांध लिया। इसके बाद वह पंखे से झूल गया। परिवार के सदस्य उस समय उसका लाइव वीडियो देख रहे थे। उन्होंने उसे ऐसा नहीं करने के लिए समझाया और लगातार कमरे का दरवाजा खोलने की गुहार लगाते रहे। लेकिन सदानंद ने दरवाजा नहीं खोला। जैसे ही वह फंदे पर झूला, परिजनों ने बिना देर किए कमरे का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर प्रवेश कर उसे फंदे से नीचे उतारा। इसके बाद परिवार के लोग उसे तत्काल निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। समय रहते इलाज मिलने के कारण उसकी जान बच गई। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी बोले- आवेदन मिलने पर होगी कार्रवाई घटना की जानकारी मिलने पर जयनगर थाना प्रभारी विकास कुमार भी निजी अस्पताल पहुंचे। सदानंद से मिलकर उसका हालचाल जाना। थाना प्रभारी ने बताया कि सूचना मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे थे, जहां सदानंद का इलाज चल रहा था। उन्होंने बताया कि सदानंद फिलहाल खतरे से बाहर है। थाना प्रभारी ने कहा कि पीड़ित की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। वहीं, पारिवारिक विवाद, भाई पर लगाए गए आरोप और फेसबुक लाइव के दौरान हुई घटना को लेकर भी पुलिस सभी पहलुओं पर नजर रख रही है।
Source link