Last Updated:
Latest Sugar Price : त्योहारों से पहले देश में चीनी का स्वाद कड़वा हो चुका है और इसकी कीमतें बढ़ने से रसोई से लेकर होटल और मिठाई की दुकानों तक का बजट गड़बड़ हो गया है. देश में चीनी की बढ़ती कीमतों ने लोगों के बीच यह चर्चा भी शुरू करा दी है कि दुनिया में सबसे महंगी चीनी किस देश में बिकती है और हमारे पड़ोसी देशों में चीनी का क्या रेट है.
सबसे पहले बात करते हैं पड़ोसी देशों की. वैसे तो भारत के पड़ोस में 6 देश हैं, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा चीन और पाकिस्तान की होती है. पाकिस्तान में चीनी का भाव करीब 175 से 200 किलो के आसपास है. भारतीय करेंसी में यह कीमत 53 से 60 रुपये के आसपास आती है. इसी तरह, चीन में चीनी का रेट देखें तो 5.28 युआन प्रति किलोग्राम है, जो भारतीय रुपये में 72 से 75 रुपये के आसपास बैठती है. भारत में चीनी की कीमत करीब 55 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास है. पाकिस्तान में करीब 8 चीनी मिलें हैं और ज्यादातर जरूरत घरेलू उत्पादन से ही पूरी होती है.
अब बात करते हैं दुनिया के किस देश में सबसे महंगी चीनी बिकती है. जाहिर है कि महंगी चीनी वही देश खरीदेगा जहां इसका उत्पादन नहीं होता है. ग्लोबल डाटा में 79 देशों के आंकड़े देखें तो भारत और पाकिस्तान सबसे नीचे आते हैं, जबकि इस लिस्ट में नंबर 1 पर नॉर्वे स्थित है. इस यूरोपीय देश में चीनी की औसत कीमत 4.22 डॉलर प्रति किलोग्राम है, जो भारतीय करेंसी में करीब 400 रुपये किलो बैठती है. यह कीमत भारत जैसे देश में चीनी के लिए तो काफी ज्यादा मानी जाएगी.
यूरोपीय देश नॉर्वे तो अमीर है, लेकिन घाना जैसे आर्थिक रूप से पिछड़े देश में भी चीनी की कीमत भारत के मुकाबले काफी ज्यादा है. घाना में चीनी की कीमत 3.37 डॉलर यानी 323 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव मिल रही है. इसी तरह, हांगकांग में चीनी का भाव 3.19 डॉलर प्रति किलो पहुंच गया है, जो भारतीय करेंसी में 306 रुपये के आसपास बैठता है. महंगी चीनी बेचने में आयरलैंड चौथे पायदान पर है, जहां चीनी की औसत कीमत 2.80 डॉलर है जो भारतीय करेंसी में 268 रुपये बैठता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
जापान में भी चीनी महंगी बिकती है. चीनी की कीमतों को लेकर जापान 6वें पायदान पर है. जापान में चीनी का भाव 2.68 डॉलर प्रति किलोग्राम पहुंच गया है, जो भारतीय करेंसी में 257 रुपये बैठता है. स्विट्जरलैंड में भी चीनी का भाव 2.37 डॉलर पहुंच गया है, जो भारतीय करेंसी में 227 रुपये प्रति किलोग्राम है. रूस में भी चीनी की कीमत 1.99 डॉलर के आसपास है, जो भारतीय करेंसी में करीब 191 रुपये प्रति किलोग्राम होता है.
अब बात करते हैं अमेरिका की. यहां चीनी की कीमत 1.80 डॉलर प्रति किलोग्राम है, जो भारतीय करेंसी में 172 रुपये के आसपास बैठती है. चीनी की कीमत के मामले में अमेरिका 20वें पायदान पर है. वैसे तो यहां चीनी की पैदावार होती है, लेकिन गन्ने की सीमित मात्रा होने की वजह से अमेरिका को अपनी जरूरत की ज्यादातर चीनी आयात करनी पड़ती है. अमेरिका अपने लिए चीनी भारत और ब्राजील से आयात करता है.
भारत के बाद दुनिया में सबसे ज्यादा चीनी का उत्पादन ब्राजील करता है. बावजूद इसके इस देश में चीनी की औसत कीमत 1.12 डॉलर यानी 107 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास है. महंगी चीनी के मामले में ब्राजील 59वें पायदान पर है. चीनी की कीमत के मामले में 21वें पायदान पर मौजूद सिंगापुर में इसका भाव 1.89 डॉलर प्रति किलोग्राम है, जो भारतीय करेंसी में करीब 181 रुपये के आसपास होगी.
अब बात करते हैं खाड़ी देशों की. जाहिर है कि यहां पानी की कमी के कारण गन्ने की पैदावार नहीं होती है तो खाड़ी देशों को अपनी जरूरत की ज्यादातर चीनी आयात करनी पड़ती है. खाड़ी देशों में सबसे महंगी चीनी कुवैत में बिकती है. इस मामले में यह देश 30वें पायदान पर है, जहां 1.62 डॉलर प्रति किलोग्राम का भाव है. भारतीय करेंसी में यह कीमत 155 रुपये प्रति किलोग्राम बैठती है. 47वें पायदान पर मौजूद सऊदी अरब में चीनी का औसत भाव 1.25 डॉलर यानी करीब 120 रुपये प्रति किलोग्राम आती है.
भारत के अन्य पड़ोसी देशों की बात करें तो 69वें पायदान पर मौजूद बांग्लादेश में प्रति किलोग्राम 0.86 डॉलर का भाव पड़ता है, जो भारतीय करेंसी में 82 रुपये के आसपास आती है. श्रीलंका 68वें पायदान पर मौजूद है, जहां चीनी का भाव 0.88 डॉलर यानी करीब 84 रुपये प्रति किलोग्राम रहता है. भारत के यह दोनों पड़ोसी देश अपनी जरूरत का ज्यादातर चीनी आयात करते हैं.