भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

थाने में आरोपी की पैरवी पर हुआ बवाल, डुमरी विधायक पर मुखिया...


Last Updated:

Jayram Mahto Dispute: धनबाद के बरवाअड्डा थाना परिसर में फर्जी दस्तावेज मामले के आरोपी की पैरवी को लेकर डुमरी विधायक जयराम महतो और बड़ा पिछड़ी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के समर्थकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला झड़प और हाथापाई तक पहुंच गया. घटना में मुखिया के बेटे प्रदीप रजक के घायल होने की बात सामने आई है. प्रदीप ने विधायक जयराम महतो और उनके समर्थकों पर मारपीट, अभद्र भाषा और जातिसूचक शब्द कहने का आरोप लगाते हुए थाना में लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने हंगामे के बाद स्थिति को नियंत्रित किया. मामले की जांच की जा रही है.

थाने में आरोपी की पैरवी पर बवाल, डुमरी विधायक पर गला दबाने और मारपीट का आरोपZoom

धनबाद में थाने के अंदर बवाल

धनबाद: झारखंड के धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना परिसर में शुक्रवार की रात जमकर हंगामा हुआ. फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में हिरासत में लिए गए आरोपी की पैरवी करने पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो और बड़ा पिछड़ी पंचायत की मुखिया के समर्थकों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद झड़प और हाथापाई में बदल गया. इससे थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जाति प्रमाण पत्र बनवाने का मामला
बताया गया कि बड़ा पिछड़ी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का इस्तेमाल कर जाति प्रमाण पत्र बनवाने का मामला सामने आया था. इस मामले में मुखिया प्रतिनिधि की ओर से बरवाअड्डा थाना में शिकायत दी गई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की. पुलिस ने गणेश दास नाम के युवक को हिरासत में लिया था. उसे पूछताछ के लिए थाना लाया गया था.

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी
इसी आरोपी की पैरवी करने के लिए डुमरी विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे. इसी दौरान मुखिया समर्थकों और विधायक के समर्थकों के बीच विवाद शुरू हो गया. दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी. मामला बढ़ने के बाद थाना परिसर में ही हाथापाई शुरू हो गई. घटना के दौरान थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की. काफी प्रयास के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया. हंगामे के कारण कुछ देर तक थाना परिसर में तनाव का माहौल बना रहा.

बरवाअड्डा थाना में लिखित शिकायत
मारपीट में बड़ा पिछड़ी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के बेटे प्रदीप रजक के घायल होने की बात सामने आई है. प्रदीप रजक ने विधायक जयराम महतो के खिलाफ बरवाअड्डा थाना में लिखित शिकायत दी है. उन्होंने पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है. प्रदीप रजक के अनुसार, वह 21 अगस्त की रात करीब 10 बजे अपने पिता आशुतोष रजक से मिलने बरवाअड्डा थाना पहुंचे थे. उनके पिता को कांड संख्या 129/26 में पूछताछ के लिए थाना बुलाया गया था.

जातिसूचक शब्द कहे जाने का आरोप
प्रदीप का आरोप है कि थाना पहुंचने पर वहां पहले से मौजूद विधायक जयराम महतो ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया. प्रदीप ने शिकायत में जातिसूचक शब्द कहे जाने का भी आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि विधायक ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाया. इससे उनकी गर्दन पर खरोंच के निशान आए. इसके बाद विधायक समर्थक सुशील मंडल और अन्य लोगों पर लात-घूंसे और थप्पड़ से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है.

मुखिया समर्थकों में नाराजगी
घटना के बाद बड़ा पिछड़ी पंचायत के मुखिया समर्थकों में नाराजगी देखी गई. समर्थकों ने थाना परिसर में हंगामा किया. उन्होंने विधायक जयराम महतो के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों को लेकर पुलिस की कार्रवाई और जांच पर नजर है. मामले की पूरी तस्वीर जांच के बाद ही साफ हो सकेगी.

About the Author

Amita kishor

न्यूज़18इंडिया में कार्यरत हैं. आजतक से रिपोर्टर के तौर पर करियर की शुरुआत फिर सहारा समय, ज़ी मीडिया, न्यूज नेशन और टाइम्स इंटरनेट होते हुए नेटवर्क 18 से जुड़ी. टीवी और डिजिटल न्यूज़ दोनों विधाओं में काम करने क…

और पढ़ें



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top