बांसजोर ओपी क्षेत्र के रेगारबेड़ा गाढ़ा टोली में गौवंशीय पशु के अवैध वध एवं मांस बिक्री की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 40 किलोग्राम संदिग्ध गौवंशीय पशु का मांस और 10 किलोग्राम चमड़ा बरामद किया है। इसके अलावा मांस काटने में प्रयुक्त सामग्री भी जब्त की गई है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जलडेगा अंचल के पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार की सुबह करीब छह बजे रेगारबेड़ा गाढ़ा टोली में छापेमारी की। पुलिस के पहुंचते ही कुछ लोग मौके से भागने लगे। पुलिस बल की मदद से दो लोगों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जोबा खलखो तथा सुरेश कुमार टोप्पो दोनों निवासी रेगारबेड़ा गाढ़ा टोली,बांसजोर ओपी क्षेत्र के रूप में हुई है। इस संबंध में जलडेगा (बांसजोर ओपी) थाना कांड संख्या 51/2026, दिनांक 28 अगस्त 2026 के तहत झारखंड गौवंशीय हत्या प्रतिषेध अधिनियम, 2005 की धारा 12(1)/12(2) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस कार्रवाई जारी है। डीएसपी रणवीर सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेगारबेड़ा गाढ़ा टोली में गौवंशीय पशु का वध कर मांस की बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की।
Source link