Last Updated:
Vande Bharat Sleeper Train : गुवाहाटी से हावड़ा के बीच देश की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने के बाद रेलवे ने दो और स्लीपर ट्रेनों का ऐलान कर दिया है. इसमें से एक ट्रेन वाराणसी से दिल्ली के बीच चलेगी तो दूसरी मुंबई से बैंगलुरु के बीच चलाई जाएगी. दोनों ट्रेनों को रेल मंत्री अश्विणी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे.
रेलवे ने 2 और वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी कर ली है.
नई दिल्ली. देश में लंबी दूरी की रेल यात्रा को आसान बनाने के लिए दो नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों की शुरुआत होने जा रही है. इनमें एक ट्रेन वाराणसी से नई दिल्ली के बीच चलेगी, जबकि दूसरी बैंगलुरु और मुंबई को जोड़ेगी. इन ट्रेनों से यात्रियों को रात में सफर करने और अगले दिन अपने गंतव्य तक पहुंचने का बेहतर विकल्प मिलेगा. वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों को खासकर लंबी दूरी के लिए बनाया गया है.
देश की दूसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन वाराणसी और नई दिल्ली के बीच चलेगी, जिसे शनिवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इससे पहले हावड़ा-गुवाहाटी के बीच पहली बार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को चलाया गया था. यह ट्रेन वाराणसी से दिल्ली के बीच की करीब 750 किलोमीटर की दूरी लगभग 9 घंटे 20 मिनट में तय करेगी. अभी सामान्य ट्रेनों से इस दूरी को तय करने में करीब 12 घंटे से भी ज्यादा का समय लग जाता है. इन दोनों ट्रेनों के शुरू होने से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को रात में सफर करने का विकल्प मिलेगा.वाराणसी-दिल्ली रूट पर उत्तर भारत के यात्रियों को फायदा होगा, जबकि बेंगलुरु-मुंबई रूट पर कर्नाटक और महाराष्ट्र के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है.
किन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
वाराणसी-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन का ज्यादा स्टॉपेज नहीं रखा गया है. रास्ते में यह ट्रेन प्रयागराज, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर ही रुकेगी. यह ट्रेन वाराणसी से दिल्ली रात 8:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:10 बजे पहुंचेगी और दिल्ली से वाराणसी रात 9:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:10 बजे पहुंचेगी. इसका मतलब है कि दोनों तरफ से ट्रेन रात में रवाना होगी. इस ट्रेन में ऑटोमैटिक दरवाजे, चौड़े गलियारे, बायो-वैक्यूम टॉयलेट और सीसीटीवी कैमरे जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.
कब चलेगी बैंगलुरु-मुंबई स्लीपर ट्रेन
भारतीय रेलवे ने बैंगलुरु-मुंबई के बीच चलेगी तीसरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने का फैसला किया है. इसे 1 नवंबर को रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इससे कर्नाटक और महाराष्ट्र के यात्रियों को फायदा होगा. नौकरी, कारोबार और पढ़ाई के लिए इन शहरों के बीच आने-जाने वाले लोगों को भी बेहतर विकल्प मिल सकता है. बेंगलुरु से मुंबई शाम 7:45 बजे रवाना होकर ट्रेन अगले दिन सुबह 11:55 बजे पहुंचेगी. इसी तरह, मुंबई से बैंगलुरु के लिए रात 8:10 बजे रवाना होकर अगले दिन 12 बजे पहुंचेगी. इस ट्रेन के रूट में कल्याण, पुणे, सोलापुर, कलबुर्गी, यादगीर, रायचूर, गुंतकल और अनंतपुर जैसे प्रमुख शहर शामिल हैं.
About the Author
प्रमोद कुमार तिवारी को शेयर बाजार, इन्वेस्टमेंट टिप्स, टैक्स और पर्सनल फाइनेंस कवर करना पसंद है. जटिल विषयों को बड़ी सहजता से समझाते हैं. अखबारों में पर्सनल फाइनेंस पर दर्जनों कॉलम भी लिख चुके हैं. पत्रकारि…