भारतन्यूज़ – टॉप हेडर
News Menu Bar

अब घर बैठे जानिए सोने-चांदी के लाइव भाव: बस एक QR कोड...


Dhanteras Shopping Tips: धनतेरस और दिवाली पर सोने-चांदी की खरीदारी करने की प्लानिंग कर रहे हैं तो अब आपको बाजार जाकर भाव पता करने या अखबार में छपी कीमतों पर निर्भर रहने की जरूरत नहीं होगी. आप घर बैठे ही अपने मोबाइल पर सोने और चांदी का ताजा भाव जान सकेंगे. इसके लिए बस एक QR कोड स्कैन करना होगा और आपके सामने अलग-अलग कैरेट के सोने से लेकर चांदी की शुद्धता के अनुसार कीमतों की पूरी जानकारी आ जाएगी. पटना के पाटलिपुत्र सर्राफा संघ ने ग्राहकों की सुविधा और कारोबार में ट्रांसपेरेंसी लाने के लिए यह नई पहल शुरू की है.

दरअसल, पाटलिपुत्र सर्राफा संघ की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उपभोक्ताओं को कई नई सुविधाएं देने की योजना बनाई गई है. इसी कड़ी में धनतेरस और दिवाली को देखते हुए QR कोड आधारित यह व्यवस्था शुरू की गई है. संघ पिछले 15 दिनों से इसका ट्रायल कर रहा था. इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को रोजाना सोने-चांदी की सही कीमत की जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि खरीदारी के समय उन्हें किसी तरह की परेशानी न हो.

अब अखबार के भाव पर निर्भर नहीं रहेंगे ग्राहक
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव होता रहता है. ऐसे में अखबारों या न्यूज वेबसाइट्स में प्रकाशित होने वाला भाव कई बार एक दिन पुराना हो जाता है. ग्राहक घर से एक कीमत का अनुमान लगाकर निकलते हैं, लेकिन जब दुकान पहुंचते हैं तो बाजार का भाव बदल चुका होता है. कई बार कीमतों में काफी अंतर देखने को मिलता है. इसी समस्या को देखते हुए संघ ने QR कोड के जरिए रोजाना ताजा भाव उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है.

22, 18 और 14 कैरेट से लेकर 24 कैरेट तक का मिलेगा भाव
उन्होंने आगे बताया कि इस QR कोड को स्कैन करने पर ग्राहकों को अलग-अलग शुद्धता वाले सोने की कीमत पता चल सकेगी. इसमें 24 कैरेट (999), 22 कैरेट, 18 कैरेट और 14 कैरेट सोने के भाव उपलब्ध होंगे. वहीं चांदी में 925, 80 और 70 प्रतिशत शुद्धता तक के रेट भी देखे जा सकेंगे. इससे ग्राहक अपनी जरूरत और बजट के अनुसार सोने-चांदी की कीमतों की तुलना कर पाएंगे.

मेकिंग चार्ज और सोने की कीमत का भी समझ आएगा गणित
इस पहल की एक खास बात यह है कि इससे ग्राहकों को सोने की वास्तविक मात्रा और मेकिंग चार्ज के बीच अंतर समझने में मदद मिलेगी. अक्सर ज्वेलरी खरीदते समय ग्राहक सोने के भाव और मेकिंग चार्ज को लेकर उलझन में रहते हैं. कई बार मेकिंग चार्ज कम बताकर सोने के भाव में अंतर रखा जाता है. QR कोड के माध्यम से मिलने वाली जानकारी से ग्राहक कीमतों को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे.

अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि आभूषण बनाने में कारीगरों की मजदूरी, वर्कप्लेस का किराया, बिजली, गैस, केमिकल, हॉलमार्किंग, पैकेजिंग और शोरूम के संचालन जैसे कई खर्च शामिल होते हैं. इन सभी लागतों को समझने से ग्राहक आभूषण की कुल कीमत का बेहतर आकलन कर सकेंगे.

दोपहर 12 बजे के बाद अपडेट होगा सोने-चांदी का भाव
पाटलिपुत्र सर्राफा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि सर्राफा बाजार में सामान्य तौर पर दोपहर 12 बजे के बाद रोजाना का भाव जारी किया जाएगा. हालांकि, अगर बाजार में अचानक अधिक उतार-चढ़ाव होता है तो एक दिन में दो से तीन बार भी कीमत अपडेट की जा सकती है. यानी ग्राहक सिर्फ एक बार QR कोड सेव करके बार-बार नई कीमत देख सकेंगे. इसके लिए हर दिन नया QR कोड डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी.

फोन से कर सकेंगे स्कैन
QR कोड का इस्तेमाल करना काफी आसान है. ग्राहक इसे अपने मोबाइल में सेव कर सकते हैं. इसके बाद मोबाइल कैमरे के QR स्कैनर से इसे स्कैन करके रोजाना का भाव देख सकते हैं. इस तरह घर बैठे ही पता चल जाएगा कि आज सोना और चांदी किस कीमत पर मिल रहे हैं.

भाव कम होने पर खरीदारी की बना सकेंगे योजना
इस व्यवस्था का सबसे बड़ा फायदा उन लोगों को होगा जो शादी-विवाह, त्योहार या निवेश के लिए सोना-चांदी खरीदने की योजना बनाते हैं. अब ग्राहक प्रतिदिन कीमतों पर नजर रख सकेंगे और अपने बजट के अनुसार खरीदारी का फैसला कर सकेंगे. अगर किसी दिन सोने का भाव पिछले दिनों की तुलना में कम होता है तो वे उसी हिसाब से खरीदारी की योजना बना सकते हैं.



Source link

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top